- काशी में सजी भक्तिरस की चौपाल, देवी आगमन से महक उठा शहर
- शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन घट स्थापना से लेकर डांडिया की थिरकन तक
मां शैलपुत्री की पूजा, मंदिरों में उमड़ा जनसैलाब
शारदीय नवरात्र का प्रथम दिन मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की साधना को समर्पित रहा। दुर्गाकुंड, विशालाक्षी, मच्छोदरी, अन्नपूर्णा सहित काशी के सभी प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता दिनभर बना रहा। कहीं मां रौद्र रूप में महिषासुर मर्दिनी के रूप में विराजीं, तो कहीं शेर पर सवार होकर भक्तों को आशीष दे रही हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए।
काशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में कलश स्थापना। प्रातः पांच शास्त्रियों ने वेद-मंत्रों के बीच मां दुर्गा का आह्वान किया। नौ दिनों तक अनवरत दुर्गा सप्तशती का पाठ होगा। प्रतिदिन माता विशालाक्षी को चुनरी, सोलह शृंगार और बाबा विश्वनाथ की ओर से प्रसाद अर्पित किया जाएगा। इसी क्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के श्री विश्वनाथ मंदिर में भी कलश स्थापना के साथ दुर्गा सप्तशती पाठ का आरंभ हुआ।
भक्ति और उल्लास का घर-घर संगम
सांझ ढलते ही काशी की गलियों और घाटों पर दीपों की लौ और भक्ति का उजास फैल गया। हर घर में मां का दरबार सजाया गया, महिलाओं ने अपने हाथों से भोग के लिए विविध पकवान तैयार किए। फलाहारी व्यंजनों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। डांडिया और गरबा की थिरकन ने पर्व को उल्लास का नया आयाम दिया।
ज्योतिषीय महत्व और पांच गुना फल का वचन
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस बार का नवरात्र अद्भुत संयोगों से युक्त है, मां दुर्गा की आराधना करने वालों को पांच गुना फल प्राप्त होगा। उनका कहना है कि इस बार माता का आगमन हाथी पर हुआ, जिसका फल अधिक वर्षा और माता का गमन मानव के कंधे पर हो रहा। इसका फल अत्यंत लाभकारी व सुखदायक होता है। इस बार माता का आगमन और गमन दोनों अति शुभकारी है। इसके साथ ही आश्विन शुक्ल पक्ष में चतुर्थी तिथि की वृद्धि से यह पक्ष 16 दिनों का है जिससे यह पक्ष भी सुख-समृद्धि और शांति प्रदायक होगा।
विंध्य कारीडोर में 4 लाख श्रद्धालु, गुलाबी पत्थरों से सजा परकोटा
मां विंध्यवासिनी के दरबार का नजारा तो और भी अद्भुत रहा। चारों ओर गुलाबी पत्थरों से सजा परकोटा, राजस्थानी कारीगरों की नक्काशी और नई यज्ञशाला, साधना केंद्र तथा कंट्रोल रूम का भव्य दृश्य भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रहा था। आंकड़ों के अनुसार दोपहर तक दो लाख और सायंकाल तक चार लाख श्रद्धालु माता के दर्शन कर चुके थे। चारों द्वारों से कतारबद्ध श्रद्धालु ‘जय माता दी’ का घोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे। धाम में सोमवार की सुबह से भक्तों का तांता लगा है। मां की एक झलक पाने को श्रद्धालु बेताब दिखे। भोर में मंगला आरती होने के बाद ही माता के दर्शन- पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, देर रात चलता रहा। ख्रास यह है कि भव्य श्रृंगार और मां के अलौकिक स्वरूप का दर्शन कर भक्त निहाल हो रहे है। देश के कोने- कोने से आए भक्तों का देवी दरबार में मत्था टेकना शिलशिला अब नवरात्र के अंतिम दिन ही समाप्त होगा. गंगा स्नान कर घंटों कतार में खड़े होने के बाद श्रद्धालु धाम में पहुंच रहे है। दरबार में युवा बच्चे व बुजुर्ग व महिलाएं माता की भक्ति में तल्लीन नजर आ रहे है। मंदिर पहुंचे श्रद्धालु माता की एक झलक पाने को बेताब दिखे। घंटा, घड़ियाल, शंख के साथ बजते नगाड़े की धुन के बीच पहाड़ावाली के जयघोष से संपूर्ण मंदिर परिसर गुंजायमान हो रहा था। लेकिन मन में मां की प्रति उनकी आस्था चरम पर रही। धाम की छत पर जगह- जगह आसन पर बैठे साधकों का पूजन अनुष्ठान अनवरत चलता रहा वही अष्टभुजा पहाड़ पर भी दूरदराज से आए संत महात्मा और साधक विविध मंत्रों बीच आदिशक्ति के पूजन अनुष्ठान में तन्मयता से तल्लीन नजर आए। त्रिकोण परिक्रमा पथ पर विराजमान महाकाली और मां अष्टभुजी के दरबार में भी सुबह से दर्शन पूजन का सिलसिला अनवरत चल रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें