- डीआरडीए सभागार में पुलिस विभाग के कर्मियों एवं पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
मधुबनी 29 जनवरी (रजनीश के झा)। जिला प्रशासन,मधुबनी द्वारा ई-गवर्नेंस को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मधुबनी जिला के सभी प्रशासनिक कार्यालय पूर्व में ही ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पूर्णतः पेपरलेस हो चुके हैं।*इसी क्रम में अब पुलिस विभाग के सभी कार्यालयों को भी ई-ऑफिस के माध्यम से पूर्णतः पेपरलेस किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जिसके लिए बुधवार को डीआरडीए सभागार में पुलिस विभाग के कर्मियों एवं पदाधिकारियों को ई-ऑफिस के सफल क्रियान्वयन को लेकर कर्मियों एवं पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

विदित हो कि पुलिस उप-महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, दरभंगा द्वारा दिये गए निदेश के आलोक में पुलिस अधीक्षक, योगेंद्र कुमार के द्वारा पुलिस विभाग में ई-ऑफिस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए है। जिसके पश्चात मधुबनी पुलिस विभाग के सभी कार्यालयों के लिए ई-ऑफिस से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला आई०टी० प्रबंधक, आशीष कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रश्मि की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिसमें आई०टी० सेल से मास्टर ट्रेनर श्री प्रणव कुमार सिंह, प्रशांत कुमार, अजय कुमार, सुरज कुमार कामत, दिवाकर कुमार, गुलाम गौस एवं आई टी सहायक महेश कुमार सहित अन्य के द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा मधुबनी पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में पुलिस कार्यालयों के शाखा प्रभारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस के अंतर्गत किए जाने वाले सभी प्रमुख कार्यों जैसे—फाइल प्रबंधन, डाक (DAK) निस्तारण, पत्राचार, कार्यालय आदेश, ज्ञापन (Memorandum), संयुक्त प्रक्रिया आदेश, परिपत्र (Circular), अभ्यावेदन (Representations) आदि के संबंध में विस्तृत एवं व्यावहारिक (Hands-on) जानकारी दी गई, ताकि पुलिस विभाग में दैनिक कार्यालयीन कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से निष्पादित किए जा सकें। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस विभाग के सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़कर, कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, कार्य निष्पादन की गति एवं दक्षता को बढ़ावा देना है। साथ ही इससे कागज के उपयोग में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण एवं सुशासन को भी मजबूती प्रदान करना है। जिला प्रशासन को विश्वास है कि इस प्रशिक्षण के पश्चात मधुबनी पुलिस विभाग शीघ्र ही ई-ऑफिस के माध्यम से पूर्णतः पेपरलेस होकर डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक सशक्त एवं अनुकरणीय मॉडल प्रस्तुत करेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें