- योगी ने वॉलीबॉल उछालकर किया 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन
सीएम योगी ने कहा कि खेल केवल समय बिताने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। भारतीय मनीषा प्राचीन काल से ही यह सिखाती आई है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन और सफल जीवन का वास होता है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए ‘खेलो इंडिया’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’, सांसद खेलकूद प्रतियोगिता और प्रदेश में विकसित हो रहे आधुनिक खेल अवसंरचना ने खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में गांव से लेकर शहर तक खेल प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य हुआ है। आज ग्रामीण अंचल से राष्ट्रीय स्तर तक खिलाड़ी उभर रहे हैं। प्रत्येक गांव में खेल का मैदान, विकासखंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और नगर निकायों में खेल सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 45 वर्षों बाद वाराणसी में सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में खेलों का आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हुआ है। उन्होंने कहा स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनी सुविधाएं और साई के साथ हुए एमओयू से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। सीएम योगी ने विश्वास जताया कि यह आयोजन न केवल काशी बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को खेल के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा और युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देगा। काशी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। स्टेडियम को रंग-बिरंगे झंडों, बैनर और होर्डिंग्स से भव्य रूप से सजाया गया। मुख्यमंत्री योगी के आगमन पर “मोदी-योगी जल्दी आवा” और “हर-हर महादेव” के नारे गूंजते रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें