- रंगभरी एकादशी पर शिव और कृष्ण परंपरा का संगम, ब्रज की फाग से गूंजेगा बाबा विश्वनाथ का दरबार
रंगभरी एकादशी को काशी में बाबा विश्वनाथ की होली का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव, माता पार्वती को गौना के बाद पहली बार काशी लाते हैं और पूरा नगर रंगों में सराबोर हो उठता है। इस परंपरा में जब ब्रज की लठामार, पुष्प और गुलाल होली का रंग जुड़ता है, तो उत्सव का आध्यात्मिक विस्तार और भी विराट हो जाता है। 26 फरवरी को प्रातः हरिनाम संकीर्तन और मंगलध्वनि के मध्य ठाकुर श्रीकेशवदेव मंदिर परिसर से गुलाल यात्रा प्रारंभ होगी, जो सुसज्जित वाहन से वाराणसी के लिए रवाना होगी। अगले दिन रंगभरी एकादशी पर ब्रज से आए कलाकार फाग, नृत्य और पुष्पवर्षा के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार में भक्ति का रंग बिखेरेंगे। विशेष बात यह है कि पहली बार ब्रज के ग्वाल-गोपी स्वरूप कलाकार काशी विश्वनाथ धाम के प्रांगण में पुष्प होली और गुलाल होली का जीवंत प्रदर्शन करेंगे। नील गुलाल और भस्म की शिव परंपरा के साथ ब्रज की रसमय फाग का यह संगम श्रद्धालुओं को अद्वितीय आध्यात्मिक अनुभूति कराएगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे सनातन सांस्कृतिक एकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। संस्थान का उद्देश्य देश के प्रमुख मंदिरों के बीच धार्मिक-सांस्कृतिक सहभागिता को बढ़ाना है, ताकि आस्था का यह रंग पूरे भारत को एक सूत्र में बांध सके। रंगभरी एकादशी पर जब काशी में ब्रज का रंग घुलेगा, तब यह केवल होली का उत्सव नहीं, बल्कि परंपरा, संस्कृति और भक्ति के विराट समागम का जीवंत दृश्य होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें