वाराणसी : ॐ विघ्नविनाशक की वंदना से गूंजा काशी विश्वनाथ धाम - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 6 फ़रवरी 2026

वाराणसी : ॐ विघ्नविनाशक की वंदना से गूंजा काशी विश्वनाथ धाम

  • गणेश पूजन संग महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ
  • भक्तिभाव से गणेश जी की स्तुति और आरती कर महोत्सव के सफल आयोजन की मंगलकामना की गई

Shivratri-mahotsav-varanasi
वाराणसी (सुरेश गांधी)। आध्यात्मिक चेतना और सनातन परंपरा की अनुपम धारा में अविरल बहती काशी नगरी एक बार फिर महाशिवरात्रि पर्व की अलौकिक आभा में रंगने लगी है। विश्वप्रसिद्ध श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ प्रथम पूज्य, विघ्नविनाशक भगवान श्री गणेश जी के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर धाम परिसर वैदिक मंत्रों की मंगलमयी ध्वनि और भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण से गुंजायमान हो उठा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार श्री गणेश जी महाराज का पूजन संपन्न कराया। महाशिवरात्रि जैसे विराट और दिव्य आयोजन की निर्विघ्न सफलता हेतु प्रथम पूज्य भगवान गणेश से विशेष प्रार्थना की गई। पूजन के दौरान भगवान श्री गणेश को पारंपरिक रीति से वस्त्र, पुष्प, दुर्वा, सुगंधित माला, नैवेद्य और भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात भक्तिभाव से गणेश जी की स्तुति और आरती कर महोत्सव के सफल आयोजन की मंगलकामना की गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार किसी भी शुभ कार्य का प्रारंभ भगवान गणेश की वंदना से ही किया जाता है। इसी सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से पूर्व गौरी नंदन श्री गणेश जी का पूजन कर उनसे महोत्सव के शुभारंभ की अनुमति मांगी गई। पूजन-अर्चन की इस दिव्य प्रक्रिया के साथ ही धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया।


मंदिर प्रशासन के अनुसार महोत्सव के अंतर्गत शास्त्रीय धार्मिक परंपराओं का विधिवत पालन किया जाएगा। आगामी दिवस से धाम में स्थापित सभी प्रधान विग्रहों का विशेष रुद्राभिषेक संपन्न कराया जाएगा। वैदिक मंत्रों के बीच भगवान शिव सहित समस्त देवताओं का आह्वान कर उन्हें जागृत किया जाएगा, ताकि वे इस दिव्य महोत्सव में सहभागी बनकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करें। धाम परिसर में होने वाले शास्त्रीय अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रतिदिन निर्धारित विधि-विधान के अनुरूप संपन्न होगी। मंदिर प्रशासन द्वारा प्रत्येक दिन होने वाले आयोजन की जानकारी श्रद्धालुओं और जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए नियमित रूप से दैनिक सूचना भी जारी की जाएगी, जिससे श्रद्धालु समयानुसार दर्शन एवं पूजन-अर्चन में सहभागी हो सकें। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर काशी में आध्यात्मिक उत्साह अपने चरम की ओर बढ़ रहा है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत और सुविधा के लिए धाम परिसर में व्यापक स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और धार्मिक अनुष्ठानों के सुचारु संचालन के लिए मंदिर प्रशासन और संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। काशी विश्वनाथ धाम में प्रारंभ हुआ यह महाशिवरात्रि महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, श्रद्धा और आध्यात्मिक एकता का जीवंत उत्सव भी है, जो भक्तों को भगवान शिव की अनंत कृपा और दिव्य ऊर्जा से जोड़ने का माध्यम बनेगा। 

कोई टिप्पणी नहीं: