- लंबित केस खत्म करने का एसपी का निर्देश, गोष्ठी के दौरान थानाध्यक्षों को सख्त हिदायतें

मधुबनी (रजनीश के झा)। जिले भर में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मधुबनी अरविंद कुमार के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्षों सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया। एसपी ने शराब बरामदगी, भूमि विवाद, परिवाद, संचित कुर्की एवं वारंट से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया। साथ ही, अपराधियों की गिरफ्तारी एवं समग्र अपराध नियंत्रण हेतु सख्त निर्देश जारी किया गया। गोष्ठी में पुलिस कप्तान ने जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज गंभीर आपराधिक कांडों के अनुसंधान पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने त्वरित एवं सफल अनुसंधान सुनिश्चित करने, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन एवं अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी पर बल दिया। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लंबित मामलों का नियमित समीक्षा करें तथा अपराध दर में कमी लाने के लिए सक्रिय कार्रवाई करें। शराब तस्करी एवं भूमि विवाद जैसे प्रमुख मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने के आदेश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले थानाध्यक्षों एवं अनुसंधानकर्ताओं को एसपी के द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इनमें जिला के विभिन्न थानों से जुड़े पदाधिकारी शामिल थे, जिन्होंने गंभीर मामलों में सफल अनुसंधान एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की। प्रशस्ति पत्र वितरण समारोह में पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने इन अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी को ऐसे पदाधिकारियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। यह गोष्ठी मधुबनी पुलिस की नियमित पहल का हिस्सा है, जो अपराध पर अंकुश लगाने एवं जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आयोजित की जाती है। एसपी ने सभी थाना को आगामी दिनों में और सघन गश्त, चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिले में शराबबंदी को कड़ाई से लागू करने एवं भूमि विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने पर विशेष जोर दिया गया। तो वहीं, सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशों का पालन करने को लेकर भरोसा जताया। इस आयोजन से स्थानीय जनता में अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक संदेश पहुंचा है। बता दें कि जिलेभर के पुलिस प्रशासन अपराधमुक्त मधुबनी बनाने के संकल्प के साथ कटिबद्ध दिख रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें