इंदौर : 7वें वन डे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 11 मार्च 2026

इंदौर : 7वें वन डे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़

  • सप्ताहभर चलने वाले इस टूर्नामेंट में दिखेगा डेफ क्रिकेट का जोश, प्रतिभा और खेल का जज़्बा

Deff-cricket-indore
इंदौर 11 मार्च।  इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) की 7वीं वन डे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़ हो चुका है। इंदौर के द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुए इस टूर्नामेंट को बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया (बीसीसीआई) का सहयोग प्राप्त है। साथ ही, इसे डेफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल तथा एशियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन की मान्यता भी मिली हुई है। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल परिसर के चार अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएँगे, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक साथ कई मुकाबले देखने को मिलेंगे और मैचों का शेड्यूल भी काफी रोमांचक रहने वाला है। इस अवसर पर पीआर 24x7 के सीओओ (पब्लिक अफेयर्स) विकास राजोरा और द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल के स्पोर्ट्स ऑफिसर अकरम खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर चैंपियनशिप का औपचारिक शुभारंभ किया। इस चैंपियनशिप की मेजबानी मध्य प्रदेश क्रिकेट फॉर द डेफ (एमएससीडी) कर रहा है। 11 से 15 मार्च, 2026 तक चलने वाले इस सप्ताहभर के टूर्नामेंट में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए सुनने में अक्षम कई प्रतिभाशाली क्रिकेटर मैदान पर अपने हुनर का परचम लहराएँगे। इस चैंपियनशिप में देश के अलग-अलग हिस्सों का प्रतिनिधित्व करने वाली पाँच जोनल टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें नॉर्थ ज़ोन, सेंट्रल ज़ोन, साउथ ज़ोन, ईस्ट ज़ोन और वेस्ट ज़ोन के नाम शामिल हैं। लीग मुकाबलों के बाद टीमों की रैंकिंग उनके प्रदर्शन के आधार पर तय होगी और अंत में चैंपियन, रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को सम्मानित किया जाएगा।


चैंपियनशिप के बारे में बात करते हुए आईडीसीए के अध्यक्ष सुमित जैन ने कहा, "7वीं वन डे नेशनल जोनल डेफ क्रिकेट चैंपियनशिप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि हमारे खिलाड़ियों के जज़्बे, हिम्मत और प्रतिभा का उत्सव है। साइरस पूनावाला ग्रुप और हमारे सहयोगियों के समर्थन से हम डेफ क्रिकेटर्स के लिए ऐसा मजबूत मंच तैयार कर रहे हैं, जहाँ वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।" आईडीसीए की सीईओ रोमा बलवानी ने कहा, "हमें खुशी है कि यह चैंपियनशिप इंदौर में आयोजित हो रही है। देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ी यहाँ खेल के जरिए यह दिखा रहे हैं कि खेल में एकजुटता कितनी महत्वपूर्ण है। हर नया संस्करण हमें यह भरोसा देता है कि हम सुनने में अक्षम खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने के और अवसर दे रहे हैं।" इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए, पीआर 24x7 के सीओओ (पब्लिक अफेयर्स) विकास राजोरा ने कहा, "एक ही जगह पर इतने बेहतरीन खिलाड़ियों को एक साथ खेलते हुए, वास्तव में गर्व का क्षण है। आने वाले मैचों में इनका शानदार प्रदर्शन देखने का बेसब्री से इंतजार है।"


ओपनिंग डे का पहला मुकाबला नार्थ ज़ोन और सेंट्रल ज़ोन के बीच हुआ, जिसे नार्थ ज़ोन ने 3 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में सेंट्रल ज़ोन के बल्लेबाज खेमकरण बरमैया ने 2 चौके व 6 छक्कों की मदद से 54 गेंद में 68 रनों की धमाकेदार पारी खेली, वहीं गेंदबाजी में नार्थ ज़ोन के विवेक कुमार ने 10 ओवर में 50 रन देकर सबसे अधिक छह विकेट अपने नाम किये और प्लेयर ऑफ़ द मैच चुने गए। पहले दिन के दूसरे मुकाबले में वेस्ट ज़ोन और साउथ ज़ोन आपस में भिड़े जहां साउथ ज़ोन के सुदर्शन ई की 52 गेंदों में 82 रन की लाजवाब पारी के बदौलत, साउथ ज़ोन ने वेस्ट ज़ोन को 5 विकेट से शिकस्त दी। खास बात यह रही कि इस मैच में सुदर्शन ई ने बल्ले के साथ-साथ 6 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट भी अपने नाम किये, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। इस चैंपियनशिप को कई कॉर्पोरेट साझेदारों का समर्थन मिला है, जिनमें सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (साइरस पूनावाला ग्रुप), केएफसी इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प (वी केयर- सीएसआर पहल), काइज़ेन, इम्पैक्ट रिसर्च एंड मेज़रमेंट प्राइवेट लिमिटेड, आरबी फाउंडेशन, पीआर 24x7, द एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल और प्योराश्योर शामिल हैं। यह चैंपियनशिप पूरे सप्ताह दर्शकों को रोमांचक मुकाबले, बेहतरीन प्रदर्शन और खिलाड़ियों के जज़्बे, टीमवर्क और खेल भावना का शानदार नज़ारा देने का वादा करती है।

कोई टिप्पणी नहीं: