- मुंबई में मनोरंजन उद्योग का महाकुंभ
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आंध्र प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री कंडुला दुर्गेश ने भारत के तेजी से बढ़ते मनोरंजन क्षेत्र की क्षमता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह उद्योग लगभग 15 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ रहा है और वर्ष 2030 तक इसके 25,000 करोड़ रुपये के आंकड़े तक पहुंचने की संभावना है। इस वर्ष एक्सपो का आकर्षण रहा आधिकारिक शुभंकर ‘गजा’, जिसका उद्घाटन समारोह में अनावरण किया गया। हाथी से प्रेरित यह शुभंकर शक्ति, स्थिरता और खुशी का प्रतीक है, जो मनोरंजन उद्योग की जीवंतता और ऊर्जा को दर्शाता है। एक्सपो में इस बार तकनीक का जादू साफ दिखाई दे रहा है। वर्चुअल रियलिटी अनुभव, अत्याधुनिक वॉटर पार्क राइड्स, इमर्सिव डिजिटल तकनीक और स्मार्ट एंटरटेनमेंट सिस्टम दर्शकों और उद्योग विशेषज्ञों को भविष्य की झलक दिखा रहे हैं। इन नवाचारों से स्पष्ट है कि आने वाले समय में मनोरंजन पार्क केवल सैर-सपाटे का नहीं बल्कि तकनीकी अनुभव का भी केंद्र बनने जा रहे हैं। मनोरंजन उद्योग में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस अवसर पर ‘IAAPI सेफ्टी हैंडबुक’ का भी विमोचन किया गया। यह हैंडबुक वैश्विक सुरक्षा मानकों के अनुरूप पार्कों और राइड्स के सुरक्षित संचालन के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करेगी। IAAPI के अध्यक्ष अंकुर माहेश्वरी ने कहा कि डिजिटल मनोरंजन के इस दौर में भी वास्तविक अनुभव और रोमांच का अपना अलग महत्व है। उनका मानना है कि थीम पार्क और मनोरंजन केंद्र लोगों को ऐसा अनुभव देते हैं, जिसे वर्चुअल दुनिया कभी पूरी तरह प्रतिस्थापित नहीं कर सकती।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें