इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय पौधों के महत्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र की 30 महिलाओं को किचन गार्डन (गृह वाटिका) स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने घरों में पोषक एवं औषधीय पौधों की खेती कर सकें तथा परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकें। कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व से अवगत कराने के लिए नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। इस माध्यम से लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छ जीवनशैली तथा प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रेमलता ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समाज में आयुष चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देना तथा लोगों को प्राकृतिक और पारंपरिक तरीकों से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आयुष ग्राम कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सुलभ स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में डॉ मनीष तिवारी, डॉ सुजीत कुमार, डॉ आदिल नजरी, डॉ जय ओम प्रसाद, डॉ राधा कृष्ण झा, हेमंत कुमार झा, डॉ ओंकार नाथ झा, डॉ अंबिका कुमारी, डॉ इकरामुद्दीन कमर, डॉ मनोज कुमार, डॉ दीपक कुमार, डॉ कौशलेश कुमार सिंह, डॉ योगेश कुमार, डॉ मोहम्मद मुजफ्फर उल हक एवं डॉ उषा कुमारी सहित आयुष विभाग के कई चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर आयुष चिकित्सा पद्धतियों से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
मधुबनी (रजनीश के झा), 06 मार्च। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत जनआरोग्य कार्यक्रम के तहत मधुबनी जिले के अंधराठाड़ी प्रखंड स्थित देवहार गांव में बाबा मुक्तेश्वर टेन प्लस टू विद्यालय के प्रांगण में आयुष ग्राम कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शोभा झा द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला देशी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रेमलता ने की। इस अवसर पर देवहार पंचायत के मुखिया श्री संतोष ठाकुर, पत्रकार प्रदीप चौधरी, विधायक प्रतिनिधि अरविंद चौधरी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष विनोद झा, विद्यालय के वरीय शिक्षक सरोज कुमार झा तथा समाजसेवी श्री मदन मोहन झा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के लिए योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को विभिन्न योगाभ्यास एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ रहने के उपाय बताए गए। साथ ही आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा प्राकृतिक एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें