नई दिल्ली। केरल और तमिलनाडु के दौरे से पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ दोनों के ‘‘लूट और कुशासन’’ के विपरीत राजग का सुशासन एजेंडा मजबूती से खड़ा है, जबकि द्रमुक तमिलनाडु में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह केरल और तमिलनाडु के दौरे को लेकर उत्सुक हैं, जहां वह बुधवार को एर्नाकुलम और तिरुचिरापल्ली में कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। केरल पहुंचने पर मोदी ‘अखिल केरल धीवरा सभा’ के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘मछुआरों के कल्याण के लिए इस संस्था द्वारा किया गया कार्य सराहनीय है। एक अन्य कार्यक्रम में, विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाएगा या उनकी आधारशिला रखी जाएगी। ये कार्य ऊर्जा, राजमार्ग, ग्रामीण अवसंरचना, रेलवे आदि क्षेत्रों से संबंधित हैं।’’ इसके बाद, दोपहर लगभग 2:15 बजे मोदी केरल के एर्नाकुलम में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एलडीएफ और यूडीएफ दोनों के कुशासन और लूट के विपरीत राजग का सुशासन एजेंडा मजबूती से खड़ा है। राजग विकासोन्मुखी राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेगा और केरलम के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करेगा।’’ तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में प्रधानमंत्री पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, सड़क, रेलवे और अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘कल, 11 मार्च को शाम लगभग 6:30 बजे, मैं तिरुचिरापल्ली की रैली में तमिलनाडु के राजग नेताओं के साथ शामिल होऊंगा। द्रमुक राज्य भर में राजग की बढ़ती लोकप्रियता से स्पष्ट रूप से घबराई हुई है। तमिलनाडु के लोग द्रमुक के कुशासन और अधूरे वादों को देख चुके हैं। इसीलिए वे राजग के आशा और प्रगति के एजेंडे से जुड़ रहे हैं।’’ एक दिवसीय दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों में 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और आधारशिला रखेंगे।
मंगलवार, 10 मार्च 2026
केरल, तमिलनाडु के दौरे से पहले पीएम मोदी ने एलडीएफ, यूडीएफ और द्रमुक पर हमला बोला
Tags
# देश
# राजनीति
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
राजनीति
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें