समस्तीपुर : प्राइवेट स्कूलों की लूट-मनमानी के खिलाफ 15 अप्रैल को जुलूस व प्रदर्शन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 9 अप्रैल 2026

समस्तीपुर : प्राइवेट स्कूलों की लूट-मनमानी के खिलाफ 15 अप्रैल को जुलूस व प्रदर्शन

  • नागरिक समाज के सह संयोजक सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने डीएम, एसडीएम एवं डीईओ को भेजा शिकायती आवेदन
  • सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताब की पढ़ाई की हो गारंटी : सुरेंद्र प्रसाद सिंह

Cpi-ml-bihar
समस्तीपुर (रजनीश के झा), 9 अप्रैल । शैक्षणिक सत्र शुरू होते ही निजी स्कूलों द्वारा किताब, ड्रेस, टाई, बेल्ट, डायरी और आई-कार्ड आदि की बिक्री में कथित कमीशनखोरी एवं मनमानी के खिलाफ नागरिक समाज ने आंदोलन की घोषणा की है। इस संबंध में नागरिक समाज, समस्तीपुर के सह संयोजक सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में कहा गया है कि निजी स्कूल संचालकों के इशारे पर कमीशनखोरी के चलते किताब, ड्रेस, टाई, बेल्ट, डायरी व आई-कार्ड आदि की कीमत लागत से कई गुना अधिक वसूली जा रही है। स्कूल संचालक सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण एनसीईआरटी की किताब को दरकिनार कर नई-नई पब्लिकेशन से सांठगांठ कर किताब पर उच्च कीमत अंकित करा लेते हैं और ऐसे ही सेटिंग कर कमीशनखोरी का खेल ड्रेस, टाई, बेल्ट, डायरी, आईकार्ड आदि मामले में भी खेला जाता है एवं अस्थायी दुकान खोलकर इन सामग्रियों की बिक्री-खरीद का अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है, जो नई शिक्षा नीति की भावना के विपरीत है। यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकांश स्कूलों में तय मानक के अनुरूप सुविधाओं का अभाव रहने के बावजूद एडमिशन, री-एडमिशन, प्रमोशन, विकास शुल्क और वार्षिक शुल्क के नाम पर अभिभावकों से मनमानी वसूली की जा रही है। साथ ही 25 प्रतिशत गरीब बच्चों को निःशुल्क शिक्षा का प्रावधान लागू नहीं किया जा रहा है तथा कम वेतन पर गैर-प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। कई स्कूलों में लाइब्रेरी, लैब, शौचालय, पेयजल और वाहन स्टैंड जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। नागरिक समाज ने चेतावनी दी है कि इन छात्र-शिक्षा विरोधी गतिविधियों की जांच कर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। संघर्ष की अगली कड़ी में 15 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे स्टेडियम गोलंबर, समस्तीपुर से जुलूस निकालकर समाहरणालय पर सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी और अनुमंडलाधिकारी, समस्तीपुर को भी भेजी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं: