मधुबनी : मुंबई के मैथिली लिटरेचर फेस्टिवल में अभिनेता तुषार झा सम्मानित - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 6 अप्रैल 2026

मधुबनी : मुंबई के मैथिली लिटरेचर फेस्टिवल में अभिनेता तुषार झा सम्मानित

  • मैथिली सिनेमा की चुनौतियों और संभावनाओं पर साझा किये अपने विचार

Maithili-actor-tushar-honored
मुंबई\मधुबनी (रजनीश के झा), 06 अप्रैल : मुंबई में आयोजित मैथिली लिटरेचर फेस्टिवल में मैथिली सिनेमा के चर्चित अभिनेता तुषार झा को गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा मैथिली फिल्म जगत में दिये गये उल्लेखनीय योगदान और क्षेत्रीय सिनेमा के प्रति उनके समर्पण को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, कला और सिनेमा से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित थे, जिन्होंने मैथिली भाषा और संस्कृति के संवर्धन में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार साझा किये।


सम्मान प्राप्त करने के बाद तुषार झा ने अपने संबोधन में मैथिली फिल्म उद्योग की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद मैथिली सिनेमा लगातार आगे बढ़ रही है और दर्शकों के बीच अपनी पहचान मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय फिल्मों के माध्यम से भाषा, परंपरा और लोकसंस्कृति को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। तुषार झा ने यह भी कहा कि मैथिली सिनेमा को अभी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें वित्तीय संसाधनों की कमी, वितरण व्यवस्था की सीमाएं और बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार का अभाव प्रमुख हैं। उन्होंने फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और समाज के सभी वर्गों से मैथिली सिनेमा को सहयोग देने की अपील की, ताकि यह उद्योग और अधिक सशक्त बन सके। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी तुषार झा के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा भारतीय सांस्कृतिक विविधता को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह सम्मान न केवल तुषार झा की उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि मैथिली सिनेमा के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत भी माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं: