- प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित होंगी जिला एवं मण्डल की बैठकें।

सीहोर । भारतीय जनता पार्टी की कामकाजी बैठक संगठन के निर्देशानुसार आज जिला कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा ने जिला पदाधिकारियों के संगठनात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों से उनके प्रभार वाले मण्डलों की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा प्रशिक्षण वर्ग में प्राप्त ज्ञान के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की। जिलाध्यक्ष श्री मेवाड़ा ने अपने संबोधन में सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने प्रभार वाले मण्डलों में नियमित प्रवास करें तथा समयबद्ध बैठकें आयोजित करें। साथ ही उन्होंने संगठन के आगामी दिवसों में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, जैसे डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों एवं ‘नारी शक्ति वंदना’ कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में संगठनात्मक संरचना को सुदृढ़ करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, जिला मंत्री सहित अन्य जिला पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें