- ‘पेड़ लगाओ, पृथ्वी बचाओ’ का संकल्प, विद्यार्थियों ने पेश की रचनात्मकता की मिसाल
- पेंटिंग और नाटक के जरिए बच्चों ने समझाई पर्यावरण की अहमियत

मधुबनी (रजनीश के झा), 22 अप्रैल। उत्क्रमित उच्च विद्यालय, सलहा एवं नमामि गंगे, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में आज पृथ्वी दिवस के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं यूथ क्लब के नोडल शिक्षक मुकेश कुमार झा के नेतृत्व में “पेड़ लगाओ - पृथ्वी बचाओ” विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक एवं संदेशात्मक पेंटिंग बनाई। अपने चित्रों के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से न केवल पृथ्वी का संतुलन बिगड़ेगा, बल्कि मानव जीवन भी संकट में पड़ जाएगा। वहीं, शिक्षिका चंदा कुमारी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने प्रभावी ढंग से यह संदेश दिया कि पेड़-पौधे केवल मनुष्यों के लिए ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों एवं सम्पूर्ण पृथ्वी के अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर जिला गंगा समिति, नमामि गंगे मधुबनी के डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह हम सभी के लिए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने और निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक की प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ. मीनाक्षी ने कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से उनमें प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ती है, जो भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक राजेश रंजन, धर्मदेव रमण, राकेश कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी लोगों से पृथ्वी को सुरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें