काशी की राजनीति में कुछ नियुक्तियां केवल संगठनात्मक फेरबदल नहीं होतीं, वे भविष्य की दिशा और नेतृत्व की प्राथमिकताओं का संकेत भी देती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी में भाजपा ने जब रामसकल पटेल को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, तो यह निर्णय केवल एक नए चेहरे की ताजपोशी भर नहीं रहा। लगभग दो दशक तक संगठन की सीढ़ियां चढ़ते हुए गांव, किसान और बूथ स्तर की राजनीति में सक्रिय रहे एक कार्यकर्ता को जिले की कमान देकर भाजपा ने यह संदेश देने का प्रयास किया है कि उसकी राजनीति अभी भी कार्यकर्ता-आधारित ढांचे पर खड़ी है। ऐसे समय में जब उत्तर प्रदेश की राजनीति 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट सुनने लगी है और विपक्ष सामाजिक समीकरणों के नए फार्मूले गढ़ रहा है, तब काशी में भाजपा का यह दांव राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तुत है संगठन, सामाजिक भागीदारी, पीडीए की चुनौती और 2027 की रणनीति पर रामसकल पटेल से सुरेश गांधी की विशेष बातचीत के कुछ अंश:-
प्रश्न : आपको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इस जिम्मेदारी को किस रूप में देखते हैं?
रामसकल पटेल : यह मेरे लिए केवल पद नहीं बल्कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताया। काशी केवल एक जिला नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कर्मभूमि और देश की सांस्कृतिक राजधानी है। यहां संगठन की जिम्मेदारी मिलना किसी सम्मान से कम नहीं है। मैं संगठन में लगभग दो दशक से विभिन्न जिम्मेदारियों पर कार्य करता रहा हूं। किसान मोर्चा, जिला कार्यसमिति सदस्य, जिला संयोजक सहित कई दायित्व निभाने का अवसर मिला। अब जिलाध्यक्ष के रूप में मेरा प्रयास रहेगा कि संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत बनाया जाए।
प्रश्न : आपके नाम की घोषणा के बाद कहा जा रहा है कि भाजपा ने किसी बड़े चेहरे के बजाय एक जमीनी कार्यकर्ता को आगे बढ़ाया है?
रामसकल पटेल : भाजपा की सबसे बड़ी पहचान यही है। यहां व्यक्ति नहीं, कार्यकर्ता महत्वपूर्ण होता है। मैं किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आता। एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में गांव-गांव और बूथ-बूथ पर काम किया है। भाजपा में कार्यकर्ता को सम्मान मिलता है और पार्टी ने मेरे चयन के माध्यम से यही संदेश दिया है कि समर्पण और मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। आज देशभर में ऐसे हजारों उदाहरण हैं जहां सामान्य कार्यकर्ता संगठन और सरकार में महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे हैं। भाजपा की यही कार्यसंस्कृति उसे अन्य दलों से अलग बनाती है।
प्रश्न : वाराणसी के इतिहास में पहली बार पटेल समाज से किसी नेता को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इसे किस रूप में देखते हैं?
रामसकल पटेल : मैं इसे किसी जाति विशेष के प्रतिनिधित्व के रूप में नहीं देखता, बल्कि भाजपा की समावेशी सोच के रूप में देखता हूं। पार्टी ने हमेशा समाज के हर वर्ग को सम्मान दिया है। भाजपा सामाजिक न्याय को केवल नारे के रूप में नहीं बल्कि व्यवहार में लागू करती है। मैं ओबीसी समाज से आता हूं, लेकिन मेरी जिम्मेदारी पूरे जिले और समाज के हर वर्ग के प्रति है। भाजपा सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और आगे भी यही भावना संगठन में दिखाई देगी।
प्रश्न : समाजवादी पार्टी 2027 में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को बड़ा मुद्दा बना रही है। भाजपा इसकी काट कैसे करेगी?
रामसकल पटेल : भाजपा को किसी की काट खोजने की जरूरत नहीं है। भाजपा का मॉडल पहले से स्पष्ट है, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास। जहां तक पीडीए की बात है, वह समाजवादी पार्टी का राजनीतिक नारा हो सकता है, लेकिन भाजपा की सामाजिक भागीदारी जमीन पर दिखाई देती है। भाजपा ने समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया है। सरकार और संगठन दोनों में पिछड़े, दलित, वंचित, महिलाएं और युवा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में हैं। हम मानते हैं कि विकास की कोई जाति नहीं होती। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचा है। यही भाजपा की असली सामाजिक न्याय की अवधारणा है।
प्रश्न : यानी आप पीडीए की राजनीति को प्रभावी नहीं मानते?
रामसकल पटेल : जनता बहुत जागरूक है। वह अब केवल नारों और समीकरणों के आधार पर निर्णय नहीं करती। उत्तर प्रदेश की जनता ने देखा है कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, माफियाओं पर कार्रवाई हुई है, एक्सप्रेसवे बने हैं, निवेश आया है और विकास गांव तक पहुंचा है। जनता जातिवाद से ऊपर उठकर विकास, सुरक्षा और सुशासन को महत्व दे रही है। मुझे विश्वास है कि 2027 में भी यही मुद्दे निर्णायक साबित होंगे।
प्रश्न : 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी प्राथमिक रणनीति क्या होगी?
रामसकल पटेल : हमारी पहली प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। भाजपा की ताकत उसका बूथ कार्यकर्ता है। प्रत्येक बूथ पर सक्रिय टीम तैयार करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना हमारी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। हम मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर पर लगातार संवाद बढ़ाएंगे। युवा, महिला, किसान और समाज के सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
प्रश्न : वाराणसी में भाजपा का जनाधार पहले से मजबूत है। फिर भी संगठन को और मजबूत करने की आवश्यकता क्यों है?
रामसकल पटेल : राजनीति में ठहराव का कोई स्थान नहीं होता। जितनी बड़ी सफलता मिलती है, उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने काशी को नई पहचान दी है। काशी विश्वनाथ धाम, रिंग रोड, रोपवे, रेलवे, पर्यटन, घाटों का विकास और बुनियादी सुविधाओं में जो परिवर्तन हुआ है, वह पूरे देश के सामने है। अब संगठन की जिम्मेदारी है कि इन उपलब्धियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाए और जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखे।
प्रश्न : विपक्ष अक्सर कहता है कि भाजपा सामाजिक ध्रुवीकरण की राजनीति करती है?
रामसकल पटेल : भाजपा समाज को जोड़ने की राजनीति करती है। अगर भाजपा समाज को बांटती तो देश के हर वर्ग का समर्थन उसे नहीं मिलता। भाजपा की योजनाओं का लाभ सभी को मिला है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने हमेशा सबका साथ, सबका विकास की बात की है और उसी पर काम किया है। विपक्ष के पास सकारात्मक मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह ऐसे आरोप लगाता है। जनता वास्तविकता जानती है।
प्रश्न : कार्यकर्ताओं के लिए आपका संदेश क्या है?
रामसकल पटेल : मैं सभी कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि यह किसी व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे संगठन की जिम्मेदारी है। भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। हम सब मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे। हर कार्यकर्ता का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। उनके सुझावों और अनुभवों को महत्व दिया जाएगा। संगठन और कार्यकर्ता के बीच संवाद को और बेहतर बनाया जाएगा।
प्रश्न : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र को लेकर आपकी क्या विशेष योजना है?
रामसकल पटेल : काशी पूरे देश की आस्था और संस्कृति का केंद्र है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में यहां अभूतपूर्व विकास हुआ है। हमारा प्रयास रहेगा कि विकास और जनसेवा के इस अभियान को और गति मिले। संगठन जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाएगा।
प्रश्न : आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी की जीत के अंतर को लेकर आपका क्या दावा है?
रामसकल पटेल : काशी और मोदी जी का रिश्ता केवल सांसद और मतदाता का नहीं है। यह आत्मीयता और विश्वास का रिश्ता है। पिछले वर्षों में काशी में जो परिवर्तन हुआ है, उसे जनता प्रत्यक्ष रूप से देख रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को पहले से भी अधिक जनसमर्थन मिलेगा और उनकी जीत का अंतर और बढ़ेगा। काशी एक बार फिर देश को मजबूत संदेश देगी।
भाजपा में कार्यकर्ता बनता है नेता
मैं किसी राजनीतिक परिवार से नहीं आता। एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में 20 वर्षों तक संगठन के लिए काम किया। भाजपा ने मुझे जिलाध्यक्ष बनाकर साबित किया है कि यहां पद नहीं, परिश्रम और समर्पण की पहचान होती है...

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें