मधुबनी : झाड़ी में मिली नवजात बच्ची को मिला नया जीवन और सुरक्षित आश्रय - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 16 मई 2026

मधुबनी : झाड़ी में मिली नवजात बच्ची को मिला नया जीवन और सुरक्षित आश्रय

Child-recoverd-madhubani
मधुबनी (रजनीश के झा), 16 मई । मधुबनी जिले के अरेर थाना अंतर्गत माधवापट्टी गांव में मानवता को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई, जहां एक नवजात बच्ची को झाड़ी में परित्यक्त अवस्था में पाया गया। स्थानीय निवासी मोहम्मद अनीश ने संवेदनशीलता एवं मानवीय दायित्व का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित अपने घर ले जाकर उसकी देखभाल की तथा तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना प्राप्त होते ही चाइल्ड हेल्पलाइन टीम एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम सक्रिय हुई तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए नवजात बच्ची का रेस्क्यू किया गया। आवश्यक चिकित्सकीय जांच एवं विधिसम्मत प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बाल कल्याण समिति, मधुबनी के आदेशानुसार बच्ची को विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (Specialized Adoption Agency - SAA), मधुबनी में सुरक्षित आवासित कराया गया।


इस अवसर पर विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान परिसर में एक भावनात्मक एवं संक्षिप्त स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई मधुबनी श्री नितेश कुमार पाठक की उपस्थिति में नवजात बच्ची के सुरक्षित जीवन एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जोरदार तालियों के साथ उसका स्वागत किया गया। साथ ही बच्ची के आगमन की खुशी में केक काटकर सभी ने मानवता एवं बाल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने कहा कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित बचपन, स्नेह एवं संरक्षण का अधिकार रखता है। समाज के सभी लोगों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल प्रशासन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना देनी चाहिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मौके पर बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई के कर्मी, विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (SAA) के सभी कर्मी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन ने मोहम्मद अनीश द्वारा दिखाई गई मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सकारात्मक उदाहरण दूसरों के लिए प्रेरणा का कार्य करते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: