- डीएम की बैठक में निर्देश – हेलमेट-सीट बेल्ट अभियान होगा तेज, कैंट बस स्टेशन पर जाम की समस्या के समाधान पर फोकस
बैठक में शहर के ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन स्थानों पर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्कूल वाहनों और ई-रिक्शा संचालन की नियमित जांच करने तथा पेट्रोल पंपों से निकलने वाले रास्तों पर सुरक्षा संबंधी पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। शहर में अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण को जाम की बड़ी वजह बताते हुए डीएम ने इनके खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा। विशेष रूप से कैंट बस स्टेशन के आसपास रोडवेज बसों के कारण लगने वाले जाम पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर स्थायी समाधान निकालने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 500 वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा हाईवे और प्रमुख चौराहों पर एम्बुलेंस तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। पीडब्ल्यूडी को हाईवे से जुड़े मार्गों पर सुरक्षा की दृष्टि से सर्विस रोड निर्माण और आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि शहर को जाम और सड़क हादसों की समस्या से राहत दिलाई जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें