मधुबनी : नमामि गंगे अभियान को मिला खिलाड़ियों का साथ, जल संरक्षण का लिया प्रण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 31 मई 2026

मधुबनी : नमामि गंगे अभियान को मिला खिलाड़ियों का साथ, जल संरक्षण का लिया प्रण

Namami-gange-madhubani
मधुबनी (रजनीश के झा), 31 मई। वुशु संघ द्वारा खेल भवन में जिला स्तरीय सीनियर एवं जूनियर बालक/बालिका वुशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी द्वारा खिलाड़ियों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों को नदियों एवं अन्य जलस्रोतों की निर्मलता, अविरलता एवं पवित्रता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला गंगा समिति, नमामि गंगे, मधुबनी के डीपीओ आनंद अंकित ने खिलाड़ियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नदी एवं अन्य जलस्रोतों के संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। अपने संबोधन में डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि "जल और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। खिलाड़ी समाज के प्रेरणास्रोत होते हैं। यदि खिलाड़ी स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आगे बढ़ेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव समाज के बड़े वर्ग तक पहुंचेगा। नदियों एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।" कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समीर महासेठ ने खिलाड़ियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में युवाओं और खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया तथा जलस्रोतों की सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजन एवं वुशु संघ के सचिव एवं जल योद्धा सन्नी कुमार, गंगा प्रहरी मंटू कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: