- महिला क्रिकेट को मिलेगा नया सितारा, डब्ल्यू 20 लीग में चमकने को तैयार ठाणे स्काईराइजर्स

मुंबई (अनिल बेदाग) : मुंबई में महिला क्रिकेट का रोमांच अब एक नए मुकाम पर पहुंचने जा रहा है। वुमन टी-20 मुंबई लीग (डब्ल्यू 20) के बहुप्रतीक्षित सीजन से पहले ठाणे स्काईराइजर्स ने अपनी आधिकारिक जर्सी लॉन्च कर शानदार अंदाज में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इस भव्य समारोह में महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। जर्सी लॉन्च के साथ ही टीम ने यह संकेत दे दिया कि वह सिर्फ भाग लेने नहीं, बल्कि खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरने वाली है। आइकॉन खिलाड़ी साइमा ठाकोर की अगुवाई में तैयार की गई ठाणे स्काईराइजर्स की टीम युवा जोश, प्रतिभा और जीत के जज्बे का शानदार संगम है। टीम के मालिक विहंग प्रताप सरनाईक, अनाहिता विहंग सरनाईक, शिल्पा मोहित सिंघल, मोहित सिंघल और प्रतीक शेलके ने इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 1 जून से शुरू होकर 13 जून तक चलने वाली इस लीग में ठाणे स्काईराइजर्स उन टीमों में शामिल है जिन पर क्रिकेट प्रेमियों की खास नजर रहने वाली है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) की इस महत्वाकांक्षी पहल ने महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच प्रदान किया है। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक के नेतृत्व में शुरू की गई यह फ्रेंचाइजी आधारित लीग न केवल मुंबई की महिला क्रिकेट को नई पहचान देगी, बल्कि आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर नई प्रतिभाओं को भी जन्म देने का माध्यम बनेगी। ऐसे में ठाणे स्काईराइजर्स की यह नई जर्सी सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि सपनों, संघर्ष और सफलता की नई उड़ान का प्रतीक बनकर सामने आई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें