नई दिल्ली। कांग्रेस ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ सार्वजनिक बातचीत के दौरान नहीं उठाया, जो ‘‘दयनीय और पूरी तरह अस्वीकार्य’’ है। प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के एवियॉन में जी7 शिखर सम्मेलन से इतर ट्रंप के साथ बैठक में नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि अमेरिका तथा ईरान के बीच प्रस्तावित शांति समझौते में नाविकों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधान होने चाहिए। हालांकि, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की इस बात को लेकर आलोचना की कि उन्होंने दोनों नेताओं के सार्वजनिक वक्तव्य के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा नहीं उठाया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री अपने तथाकथित अच्छे मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से एवियॉन में मिले। दोनों नेताओं ने सार्वजनिक वक्तव्य दिया। प्रधानमंत्री ने अमेरिकी हमले के कारण ओमान की खाड़ी में तीन भारतीय नाविकों की मौत का कोई उल्लेख नहीं किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘केवल राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। भारतीय नागरिकों की मौत से जुड़े सवाल का भी उन्होंने ही जवाब दिया। स्वयंभू विश्वगुरु फिर भी चुप रहे। यह दयनीय और पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’ जी7 शिखर सम्मेलन के इतर मोदी और ट्रंप के बीच व्यापक वार्ता हुई, जिसमें प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते, रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग तथा पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई। यह बैठक अमेरिकी सैन्य हमले में एक मालवाहक जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत के कुछ दिनों बाद हुई। प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में शांति और प्रगति की उम्मीद को बढ़ाने के लिए ट्रंप के नेतृत्व की सराहना की। ट्रंप ने इस मुलाकात को ‘‘बेहतरीन’’ बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘जब तक प्रधानमंत्री मोदी नेतृत्व कर रहे हैं, भारत हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’
गुरुवार, 18 जून 2026
Home
देश
राजनीति
दिल्ली : ट्रंप के साथ बातचीत में तीन भारतीय नाविकों का मुद्दा नहीं उठाना अस्वीकार्य : जयराम
दिल्ली : ट्रंप के साथ बातचीत में तीन भारतीय नाविकों का मुद्दा नहीं उठाना अस्वीकार्य : जयराम
Tags
# देश
# राजनीति
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
राजनीति
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें