पटना : खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों से संवाद एवं तकनीकी मार्गदर्शन - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 27 जून 2026

पटना : खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों से संवाद एवं तकनीकी मार्गदर्शन

Farmer-seminar-bihar
पटना : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा संचालित “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत 25 जून 2026 को ग्राम सेल्हौरी, प्रखंड दुल्हिन बाजार, जिला पटना में किसानों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष उपाध्याय, अध्यक्ष, भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग, आईसीएआर-आरसीईआर, पटना तथा डॉ. प्रेम कुमार सुंदरम ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि उर्वरकों का उचित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है तथा फसल उत्पादकता एवं मृदा स्वास्थ्य में सुधार होता है।


कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना पर भी चर्चा की गई। किसानों ने केसीसी प्राप्त करने में आने वाली विभिन्न समस्याओं, जैसे दस्तावेजी प्रक्रियाओं की जटिलता, बैंकिंग संबंधी कठिनाइयों तथा आवेदन के निस्तारण में विलंब आदि मुद्दों को वैज्ञानिकों के समक्ष रखा। वैज्ञानिकों ने किसानों को योजना की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी तथा संबंधित समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में कुल 39 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 22 महिला किसान एवं 17 पुरुष किसान शामिल थे। किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न तकनीकी सुझाव दिए गए तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती, संसाधनों के कुशल उपयोग एवं संस्थागत ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन किसानों से नियमित संवाद एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं: