- काशी की गलियां पूछ रही हैं — क्या हम सुरक्षित हैं? कहीं देर न हो जाए...!
- लखनऊ की आग ने दी चेतावनी, वाराणसी से भदोही तक होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल, कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी और रेस्टोरेंट...
- कालीन गोदाम और बहुमंजिला इमारतों की सुरक्षा पर बड़े सवाल; क्या पूर्वांचल ने सबक लिया या अगली त्रासदी का इंतजार है?
शहर में तेजी से बढ़े कोचिंग और लाइब्रेरी कल्चर ने भी नई चिंता पैदा कर दी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्र सुबह से देर रात तक इन संस्थानों में रहते हैं। कई लाइब्रेरी बेसमेंट या ऊपरी मंजिलों में संचालित हैं। कहीं पर्याप्त वेंटिलेशन नहीं, कहीं केवल एक सीढ़ी और कहीं अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच तक नहीं होती। निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम की स्थिति भी चिंता का विषय है। कई छोटे अस्पताल घनी आबादी के बीच संचालित हैं, जहां पार्किंग की जगह भी नहीं है। मरीजों, ऑक्सीजन सिलेंडरों और बिजली पर निर्भर उपकरणों के बीच यदि आग लग जाए तो राहत कार्य और अधिक कठिन हो सकता है। वाराणसी से लगभग 45 किमी दूर भदोही का कालीन उद्योग देश की पहचान है। यहां हजारों छोटे-बड़े गोदामों में ऊन, धागा, कपड़ा, पैकिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं रखी जाती हैं। कई गोदाम औद्योगिक मानकों के अनुरूप हैं, लेकिन अनेक छोटे स्टोरेज और कार्यस्थलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। यदि किसी ऐसे गोदाम में आग लगती है तो नुकसान केवल आर्थिक नहीं होगा, बल्कि सैकड़ों परिवारों की आजीविका भी प्रभावित होगी। यही तस्वीर मिर्जापुर, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, बलिया और गोरखपुर के कई व्यावसायिक क्षेत्रों में भी दिखाई देती है।
कहीं होटल हैं, कहीं मैरिज लॉन, कहीं निजी अस्पताल, कहीं कोचिंग सेंटर और कहीं बड़े गोदाम। सवाल किसी एक शहर का नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल के शहरी ढांचे का है। देश पहले भी ऐसी त्रासदियों से सबक लेने की कोशिश कर चुका है। 2019 में सूरत के कोचिंग सेंटर में आग लगी तो दर्जनों छात्रों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया। दिल्ली के अनाज मंडी अग्निकांड ने संकरी गलियों और अवैध निर्माण की भयावह तस्वीर दिखाई। कोलकाता के अस्पताल और होटल अग्निकांड ने यह साबित किया कि अग्नि सुरक्षा में छोटी-सी लापरवाही भी सामूहिक त्रासदी में बदल सकती है। हर घटना के बाद जांच बैठी, नियम बने, अभियान चले, लेकिन समय बीतते ही अधिकांश व्यवस्थाएं फिर पुराने ढर्रे पर लौट गईं। लखनऊ की ताजा घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी प्रदेशभर में फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू कर दिया है। होटल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। कई जगह नोटिस दिए गए हैं, कुछ प्रतिष्ठानों को सील भी किया गया है। लेकिन सवाल यह है कि क्या यह अभियान केवल कुछ दिनों तक चलेगा या सुरक्षा व्यवस्था में स्थायी बदलाव भी दिखाई देगा? विशेषज्ञों का मानना है कि फायर एनओसी केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि जीवित सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। अग्निशमन यंत्र कार्यशील हों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण मिले, मॉक ड्रिल नियमित हो, आपातकालीन निकास खुले रहें और भवनों का उपयोग स्वीकृत मानकों के अनुरूप हो। केवल निरीक्षण से नहीं, बल्कि निरंतर निगरानी से ही बदलाव आएगा।
इस पूरी व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। भवन मालिक अधिक किराया कमाने के लिए क्षमता से अधिक लोगों को एक ही भवन में ठहराते हैं। कई संस्थान सुरक्षा पर खर्च को अतिरिक्त बोझ मानते हैं। दूसरी ओर लोग भी किसी होटल, हॉस्टल, अस्पताल या कोचिंग में प्रवेश करते समय यह देखने की जरूरत नहीं समझते कि आपातकालीन निकास कहां है और आग लगने पर बाहर निकलने का रास्ता क्या होगा। लखनऊ की आग अब बुझ चुकी है, लेकिन उसके धुएं ने पूरे प्रदेश को एक आईना दिखा दिया है। यह आईना बता रहा है कि यदि आज भी सुरक्षा मानकों को गंभीरता से नहीं लिया गया, यदि अवैध निर्माण, बंद निकास मार्ग, खराब अग्निशमन व्यवस्था और कागजी अनुपालन की संस्कृति नहीं बदली गई, तो अगली त्रासदी का शहर कोई भी हो सकता है—वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर, गोरखपुर या पूर्वांचल का कोई और नगर। यह केवल प्रशासन के लिए चेतावनी नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए संदेश है। हादसे के बाद मोमबत्तियां जलाना आसान है, लेकिन हादसे से पहले सुरक्षा सुनिश्चित करना कठिन। इतिहास गवाह है कि हर बड़ी आग से पहले छोटी-छोटी लापरवाहियां होती हैं, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है। आज पूर्वांचल उसी मोड़ पर खड़ा है, जहां निर्णय लेना होगा कि हम चेतावनी को चेतावनी मानते हैं या अगली दुर्घटना का इंतजार करते हैं। लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे के बाद दूसरे दिन भी वाराणसी में चेकिंग अभियान जारी रहा। मंगलवार की सुबह सीएफओ आनंद सिंह राजपूत टीम के साथ दुर्गाकुंड इलाके में स्थित कोचिंग संस्थानों पर पहुंचे। सबसे पहले दुर्गाकुंड कबीरनगर स्थित जीआरएस कोचिंग पहुंचे जहां कोचिंग में लगे फायर इक्विपमेंट को चेक किया गया। इस दौरान साकेत नगर और संकटमोचन स्थित एलन कोचिंग सेंटर को सील किया गया।
कागजी एनओसी पर्याप्त नहीं
फायर विभाग समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाता है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल कागजी एनओसी पर्याप्त नहीं है। वास्तविक सुरक्षा तभी संभव है जब उपकरण चालू हालत में हों, कर्मचारियों को प्रशिक्षण मिला हो, मॉक ड्रिल नियमित हो और आपातकालीन निकास हमेशा खुला रखा जाए। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि शहर में अनेक भवन आवासीय नक्शे पर बने, लेकिन बाद में उन्हें व्यावसायिक उपयोग में बदल दिया गया। कहीं हॉस्टल खुल गए, कहीं कोचिंग, कहीं होटल और कहीं रेस्टोरेंट। इससे भवनों पर भार भी बढ़ा और जोखिम भी।
कार्रवाई केवल छोटे प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।
व्यापारिक संगठनों का कहना है कि कार्रवाई केवल छोटे प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि सुरक्षा मानकों की जांच हो रही है तो सभी संस्थानों पर समान रूप से लागू हो। वहीं नागरिकों का मानना है कि हादसे के बाद कुछ दिनों तक अभियान चलता है, फिर व्यवस्था पुराने ढर्रे पर लौट आती है। काशी हर दिन लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों, विद्यार्थियों और मरीजों की मेजबानी करती है। ऐसे में आवश्यकता केवल अभियान चलाने की नहीं, बल्कि स्थायी व्यवस्था विकसित करने की है। क्योंकि हादसे के बाद राहत पहुंचाना कठिन होता है, लेकिन हादसे को रोकना कहीं अधिक आसान और प्रभावी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें