- जनकल्याण शिविर में लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र, स्ट्रीट वेंडरों से लेकर युवा उद्यमियों तक को मिला योजनाओं का लाभ
2014 से पहले और आज का भारत, दोनों में बड़ा अंतर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, अविश्वास, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था। किसानों की आत्महत्या, युवाओं में बेरोजगारी और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार आम बात थी। उन्होंने कहा कि उस दौर में देश के 120 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे और सीमाओं पर घुसपैठ की घटनाएं लगातार हो रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। आज हर योजना गरीब, किसान, महिला, युवा, कारीगर और बुजुर्ग के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित हो रही है।
डीबीटी ने भ्रष्टाचार की कमर तोड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनधन खातों के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना एक ऐतिहासिक कदम था। पहले सरकारी सहायता का बड़ा हिस्सा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता था, लेकिन आज डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पूरी राशि सीधे लाभार्थी के खाते में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि एक समय देश के प्रधानमंत्री स्वयं स्वीकार करते थे कि दिल्ली से भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये ही लाभार्थियों तक पहुंचते हैं, जबकि आज तकनीक और पारदर्शिता के माध्यम से पूरा पैसा सीधे गरीबों तक पहुंच रहा है।
12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ आवास और आयुष्मान का सुरक्षा कवच
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले। आयुष्मान भारत योजना ने गरीबों को गंभीर बीमारियों के इलाज की चिंता से मुक्त किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में भी देशवासियों को मुफ्त जांच, मुफ्त उपचार, मुफ्त वैक्सीन और मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत आज भी 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन दिया जा रहा है।
ऊर्जा संकट के बीच भारत बना दुनिया के लिए उदाहरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरी दुनिया ऊर्जा संकट और महंगाई की चुनौती का सामना कर रही है। अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश में भी महंगाई कई गुना बढ़ी है और अनेक देशों की अर्थव्यवस्थाएं दबाव में हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी नीतियों के कारण भारत अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व ही किसी राष्ट्र को महान बनाता है और काशीवासियों को इस बात का गर्व होना चाहिए कि देश को ऐसा नेतृत्व उनके सांसद नरेंद्र मोदी के रूप में मिला है।
काशी का बदलता स्वरूप दुनिया देख रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में वर्षों से जाम और अव्यवस्था की समस्या थी, लेकिन आज स्थिति में व्यापक सुधार हुआ है। काशी विश्वनाथ धाम, घाटों के सौंदर्यीकरण, बेहतर सड़क संपर्क और आधुनिक परिवहन सुविधाओं ने शहर की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों ने देश के परिवहन ढांचे को नई ऊंचाई दी है। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट अब विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस हो रहे हैं। काशी के घाटों की सुंदरता आज देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।
रोपवे बनेगा काशी के लिए नया अनुभव
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएगी। इसके शुरू होने के बाद लोगों को आवागमन का नया और आधुनिक अनुभव मिलेगा, जो शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। स्ट्रीट वेंडर प्रमिला देवी, राजू और दीपक कुमार बरनवाल को पथ विक्रय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत बेबी मौर्य को 50 हजार रुपये का चेक तथा कन्हैया को 30 हजार रुपये का क्रेडिट कार्ड दिया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत रोशनी कुमारी को 4.5 लाख रुपये और यशिका सिंह को 2.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। वहीं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत ललिता और खुशबू जायसवाल को सिलाई मशीन एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के हाथों लाभ प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।
बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ से की प्रार्थना
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी के कोतवाल श्री कालभैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के उनके संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें