- रोहनिया में दुकानदार की हत्या से सनसनी | नकाबपोश बदमाशों ने पीछे से मारी गोली | जमीन विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच
जमीन विवाद पर टिकी जांच की सुई
हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस को परिवार ने एक पुराने भूमि विवाद की जानकारी दी है। मृतक की मां सुदामा देवी के अनुसार, चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र स्थित मुरेराडीह-पांडेयपुर में परिवार की करीब तीन बीघा जमीन है। आरोप है कि वर्षों से उस जमीन की खेती करने वाले एक परिवार ने पैमाइश कराने के नाम पर धोखे से दस्तखत कराकर जमीन अपने नाम करा ली थी। इस मामले को लेकर न्यायालय में मुकदमा भी लंबित है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है, लेकिन भूमि विवाद, पुरानी रंजिश, आर्थिक लेनदेन और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था
शहर से सटे इलाके में घर के नजदीक इस तरह की दुस्साहसिक हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बेखौफ अंदाज में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उसने आम लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। अब निगाहें पुलिस की जांच और हत्यारों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
एडीसीपी लिपि नगायच ने संभाला मोर्चा, मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
दुकानदार जितेंद्र कुमार पटेल की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हो गए। एडीसीपी (काशी जोन) लिपि नगायच देर रात घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस एवं फोरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। एडीसीपी ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल खंगालने, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की गहन पड़ताल करने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतक के परिजनों से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली और हर पहलू की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। लिपि नगायच ने बताया कि पुलिस हत्या के पीछे भूमि विवाद, पुरानी रंजिश, आर्थिक लेनदेन समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का सफल अनावरण कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें