सीहोर : विश्व पर्यावरण दिवस पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया पौधारोपण - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शुक्रवार, 5 जून 2026

सीहोर : विश्व पर्यावरण दिवस पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने किया पौधारोपण

  • शहर के डॉ. भीमराव अंबेडकर उपवन में हरियाली का संदेश, पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान

Prince-rathore-sehore
सीहोर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद सीहोर द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर उपवन में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है।  उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर शहर के विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और जनहित के कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जो निश्चित रूप से सीहोर को एक आदर्श शहर बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपाय है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सड़कों, उद्यानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है ताकि आने वाले समय में सीहोर को हरियाली की नई पहचान मिल सके।


उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। नगर पालिका परिषद आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है। शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता अभियान, एलईडी स्क्रीन, सड़क निर्माण, नाली निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों के साथ हरित सीहोर का संकल्प भी लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित भी करें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और जल, भूमि तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ पर्यावरण जागरूकता पर भी चर्चा की गई तथा शहरवासियों से हरित सीहोर अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका सीएमओ सुधीर सिंह, पार्षद विजेंद्र परमार, कमलेश कुशवाह, राजेश माझी, निलेश राठौर, आशुतोष त्यागी, शुभम राठौर, राजेश परिहार सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और हरित सीहोर के संकल्प के साथ हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं: