सीहोर : विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन सम्पन्न - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 14 जून 2026

सीहोर : विकसित भारत के संकल्प के साथ भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन सम्पन्न

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व पटल पर सशक्त हुई भारत की पहचान : राजौ मालवीय

Sehore-bjp
सीहोर, 14 जून। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला कार्यालय में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में चिकित्सा, शिक्षा, विधि, व्यापार, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। जिला मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा प्रदेश मंत्री एवं मुख्य वक्ता राजौ मालवीय सहित अतिथियों द्वारा भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता राजौ मालवीय का स्वागत जिला महामंत्री पंकज गुप्ता ने दुपट्टा पहनाकर किया। साथ ही रिटायर्ड कैप्टन संजय कुलकर्णी, बाबूलाल पटेल, मारूति शिशिर, डॉ. अशोक जायसवाल एवं तारा कटारिया सहित अन्य अतिथियों का सम्मान किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मारूति शिशिर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। बाबूलाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐसे ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियां प्राप्त की हैं, जिनकी लंबे समय से अपेक्षा की जा रही थी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।


मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री राजौ मालवीय ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने केवल विकास की गति नहीं बढ़ाई, बल्कि वैश्विक मंच पर अपनी प्रभावी उपस्थिति भी दर्ज कराई है। आज भारत अंतरराष्ट्रीय निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और विश्व समुदाय उसे एक विश्वसनीय एवं सक्षम राष्ट्र के रूप में देख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को नई मजबूती मिली है। डिजिटल तकनीक के व्यापक उपयोग से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। राजौ मालवीय ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण को विकास की आधारशिला बनाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसे कदमों ने युवाओं को नए अवसर प्रदान किए हैं। वहीं लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहलें ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।


प्रदेश मंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक चेतना को सशक्त करने की दिशा में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक एवं केदारनाथ धाम का पुनर्विकास भारतीय संस्कृति और विरासत के पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक तथा आतंकवाद के विरुद्ध की गई निर्णायक कार्रवाइयों ने दुनिया को नए भारत की क्षमता और दृढ़ संकल्प का परिचय कराया है। आज भारत अपनी सुरक्षा, सम्मान और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम और आत्मविश्वास से परिपूर्ण राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। राजौ मालवीय ने उपस्थित प्रबुद्धजनों से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के इस अभियान में समाज के जागरूक और प्रबुद्ध वर्ग की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र, अधिवक्ता, व्यवसायी, सेवानिवृत्त सैनिक, सेवानिवृत्त अधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: