- संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल जारी: अब 11 जून को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे 32 हजार कर्मचारी
कर्मचारियों ने सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए एक माह पूर्व से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया था। शुरुआत में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया और मंत्रियों व अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए। मांगें पूरी न होने पर 2 जून से सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप ग्रामीण और मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि गलत वेतन निर्धारण को सुधार कर वेतन विसंगति दूर की जाए। वे नियमित कर्मचारियों की भांति समान कार्य के लिए समान वेतन, एनपीएस, महंगाई भत्ता और स्वास्थ्य बीमा का लाभ दिए जाने की मांग कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को पीबीआई प्रदान करने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जब तक समान वेतन लागू नहीं होता, तब तक सार्थक ऐप से हाजिरी लगाने की व्यवस्था बंद की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और उग्र होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें