पटना : राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पुत्र दीपक प्रकाश को बिहार सरकार में मंत्री पद “पूरे कार्यकाल” के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगी दलों ने गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है और उन्हें पूरे पांच साल के लिए मंत्री बनाए रखने का रास्ता भी निकाल लिया जाएगा। हाल ही में दीपक प्रकाश को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री बनाया गया था, जबकि वह न तो बिहार विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के। दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर बने रहने को लेकर अटकलें तब तेज हो गईं, जब विधान परिषद चुनाव के लिए घोषित राजग के नौ उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इन उम्मीदवारों में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा राज्य के मंत्री निशांत कुमार भी शामिल थे। बृहस्पतिवार को राजग के सभी नौ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कुशवाहा ने कहा, “यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि दीपक प्रकाश किसी भी सदन (विधानसभा या विधान परिषद) के सदस्य नहीं हैं और फिर भी उन्हें मंत्री बनाया गया है। लेकिन उन्होंने सिर्फ आरएलएम की इच्छा से मंत्री पद की शपथ नहीं ली। उन्होंने शपथ इसलिए ली क्योंकि यह पूरे राजग की, विशेष रूप से सबसे बड़े सहयोगी दल भाजपा की भी इच्छा थी।”उन्होंने कहा कि भाजपा समेत राजग के सभी शीर्ष नेताओं ने दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया है और वे उन्हें पद पर बनाए रखने का रास्ता भी निकाल लेंगे। कुशवाहा ने कहा, “उन्होंने यह फैसला सोच-समझकर ही लिया होगा। इसलिए उनकी समझदारी पर संदेह करने की कोई जरूरत नहीं है। दीपक प्रकाश सिर्फ दो-चार महीने के लिए मंत्री नहीं बने हैं। उन्होंने पूरे कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी संभाली है। मेरा विश्वास कीजिए, वह मंत्री बने रहेंगे। बस इंतजार कीजिए और देखिए कि आगे क्या होता है।” जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भाजपा से कोई आश्वासन मिला है, तो कुशवाहा ने जवाब दिया, “भाजपा की ओर से आश्वासन की कमी कब रही है? आप यह सवाल तभी पूछ सकते थे, जब कोई आश्वासन नहीं मिला होता।”
रविवार, 14 जून 2026
पटना : दीपक प्रकाश पूरे कार्यकाल तक बिहार के मंत्री बने रहेंगे : उपेंद्र कुशवाहा
Tags
# बिहार
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
बिहार
Labels:
बिहार
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें