दिल्ली : भारत के प्रख्यात न्यायविद बिमल पटेल अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून न्यायाधिकरण के न्यायाधीश चुने गए - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 20 जून 2026

दिल्ली : भारत के प्रख्यात न्यायविद बिमल पटेल अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून न्यायाधिकरण के न्यायाधीश चुने गए

justice-bimal-patel
नई दिल्ली । भारत के प्रख्यात न्यायविद बिमल एन. पटेल को अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून न्यायाधिकरण (आईटीएलओएस) का न्यायाधीश चुना गया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने बृहस्पतिवार को इस उपलब्धि पर बिमल पटेल को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन अंतरराष्ट्रीय बहुपक्षीय व्यवस्था और समुद्री कानून के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को मजबूत करता है। पटेल वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय विधि आयोग के सदस्य हैं। वह ‘स्टेट रिस्पॉन्सिबिलिटी’ से संबंधित उत्तराधिकार पर कार्य समूह के अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति एवं सार्वजनिक अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रोफेसर भी हैं। वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय तथा प्रधानमंत्री कार्यालय से भी जुड़े रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने पटेल का समर्थन करने वाले सदस्य देशों को धन्यवाद भी दिया। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की वेबसाइट के अनुसार, पटेल एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद, विधिवेत्ता एवं प्रशासक हैं और तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने गुजरात राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निदेशक तथा भारत के 21वें विधि आयोग के सदस्य के रूप में भी कार्य किया है। उन्होंने नीदरलैंड्स के हेग स्थित ‘ऑर्गनाइजेशन फॉर द प्रोहिबिशन ऑफ केमिकल वेपन्स’ (ओपीसीडब्ल्यू) सहित विभिन्न वैश्विक संस्थानों में लगभग 15 वर्षों तक सेवाएं दे चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून न्यायाधिकरण (आईटीएलओएस) एक स्वतंत्र न्यायिक निकाय है। इस न्यायाधिकरण में 21 स्वतंत्र सदस्य होते हैं, जिन्हें सदस्य देशों द्वारा गुप्त मतदान के माध्यम से चुना जाता है। भारत की न्यायविद नीरू चड्ढा वर्तमान में इसकी उपाध्यक्ष हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: