सीहोर : पानी टंकी का हुआ लोकार्पण, 25 हजार नागरिकों को मिलेगा लाभ - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 20 जून 2026

सीहोर : पानी टंकी का हुआ लोकार्पण, 25 हजार नागरिकों को मिलेगा लाभ

  • अमृत 2.0 योजना के माध्यम से शहर की पेयजल व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने का कार्य : नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर

Water-tank-sehore
सीहोर। नगर के विकास को नई गति देते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत राठौर पार्क स्थित गंज क्षेत्र की नवीन पेयजल टंकी का भव्य लोकार्पण किया गया। 13 लाख लीटर क्षमता वाली यह अत्याधुनिक पानी की टंकी गंज क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 से 17 तक के नागरिकों को नियमित एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। इस महत्वपूर्ण परियोजना से लगभग 25 हजार नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में लंबे समय से महसूस की जा रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। लोकार्पण अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। नगर पालिका परिषद भी उसी संकल्प के साथ सीहोर नगर के प्रत्येक वार्ड में जनहित और विकास के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर रही है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के माध्यम से शहर की पेयजल व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि गंज क्षेत्र की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए इस 13 लाख लीटर क्षमता की टंकी का निर्माण कराया गया है। इसके प्रारंभ होने से हजारों परिवारों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद केवल घोषणाएं नहीं बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को उतारने का कार्य कर रही है। सड़क, पेयजल, सीवरेज, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान विकास और सौंदर्यीकरण जैसे अनेक कार्य लगातार किए जा रहे हैं, जिससे सीहोर नगर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।


नगर की जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास पर खरा उतरना परिषद की प्राथमिकता 

उन्होंने आगे कहा कि नगर की जनता ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस विश्वास पर खरा उतरना परिषद की प्राथमिकता है। प्रत्येक वार्ड में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं तथा समयबद्ध तरीके से उन्हें पूर्ण भी किया जा रहा है। नगर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है तथा आने वाले समय में भी कई बड़ी विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह ने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत नगर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह टंकी जल वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी।


कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष विपिन सास्ता, जल सभापति संतोष शाक्य, पार्षद अर्जुन राठौर, राजेश मांझी, नरेंद्र राजपूत, कमलेश राठौर, विजेंद्र परमार, अजयपाल, प्रदीप बिजोरिया, लोकेन्द्र वर्मा, आशीष गहलोत, विवेक राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। लोकार्पण के दौरान उपस्थित नागरिकों ने नगर पालिका परिषद द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए गंज क्षेत्र को मिली इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर एवं परिषद का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि यह टंकी न केवल क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी की जरूरतों को भी पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नगरवासियों ने इसे सीहोर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कोई टिप्पणी नहीं: