- मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने 198 बेड अस्पताल समेत निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, उच्च स्तरीय गुणवत्ता जांच व चरणबद्ध उपयोग के दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किसी उच्च स्तरीय तकनीकी संस्थान से कराया जाए, जिससे गुणवत्ता की स्वतंत्र निगरानी हो सके। मंडलायुक्त ने निर्माणाधीन भवनों को ब्लॉकवार तैयार करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे जैसे-जैसे भवन तैयार होंगे, उनका चरणबद्ध उपयोग भी प्रारंभ किया जा सकेगा और मेडिकल कॉलेज की गतिविधियां समय पर शुरू करने में सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की आधारभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मंडलायुक्त ने अस्पताल के पूर्वी हिस्से में स्थित संकरे मार्ग को चौड़ा कराने के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रामा सेंटर की ओर जाने वाले मार्ग की मरम्मत एवं समतलीकरण शीघ्र कराने को कहा, ताकि मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही सुगम हो सके। इसके बाद मंडलायुक्त ने मानसिक चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन गर्ल्स हॉस्टल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा आगामी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू कराने की है। इसलिए सभी निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान दमानी ग्रुप की चेयरमैन शर्मिला पई, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कौशल कुमार सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रेम प्रकाश तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें