पटना (संवाददाता) । राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के संस्थापक उपेंद्र कुशवाहा को शनिवार को निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। आरएलएम का गठन 2023 में हुआ था और यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक में से एक है। बिहार में पार्टी के चार विधायक हैं। कुशवाहा राज्यसभा सदस्य हैं, जबकि उनके पुत्र दीपक प्रकाश, जो न तो विधान परिषद के सदस्य हैं और न ही विधानसभा के, बिहार में राजग सरकार में मंत्री हैं। आरएलएम ने एक बयान में कहा कि यहां कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित पार्टी के एकदिवसीय सम्मेलन के दौरान कुशवाहा को तीन साल के कार्यकाल के लिए ‘‘सर्वसम्मति’’ से आरएलएम का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। पार्टी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय लोक मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन आज नयी दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अधिवेशन के दौरान, पार्टी के संस्थापक और वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा को सर्वसम्मति से 2026-29 के लिए पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया।’’ आरएलएम ने कहा, ‘‘पार्टी द्वारा संगठनात्मक चुनावों के लिए राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए प्रमोद कुमार सुमन ने आरएलएम अध्यक्ष के तौर पर कुशवाहा के चुने जाने की घोषणा की।’’ बाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुशवाहा ने कहा कि 2023 में आरएलएम के गठन के बाद से यह उसका पहला संगठनात्मक चुनाव था। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘बिहार में पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक, पार्टी के सभी पदाधिकारियों का चुनाव पार्टी के संविधान के अनुसार किया गया है। हमने सदस्यता अभियान भी चलाया। हमारे राष्ट्रीय अधिवेशन और आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के साथ ही, आज संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई।’’ कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के गठन के बाद सभी पदाधिकारियों को नामित किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब पार्टी के पदाधिकारियों को हमारी पार्टी के संविधान के अनुसार चुना गया है।’’
शनिवार, 13 जून 2026
पटना : आरएलएम के संस्थापक उपेंद्र कुशवाहा फिर से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए
Tags
# बिहार
Share This
About आर्यावर्त डेस्क
बिहार
Labels:
बिहार
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)
संपादकीय (खबर/विज्ञप्ति ईमेल : editor@liveaaryaavart या वॉट्सएप : 9899730304 पर भेजें)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें