दरभंगा : तकनीकी शिक्षा के साथ मानवता के संस्कार भी सीखेंगे विद्यार्थी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 22 जुलाई 2026

दरभंगा : तकनीकी शिक्षा के साथ मानवता के संस्कार भी सीखेंगे विद्यार्थी

  • दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज एवं लायंस क्लब दरभंगा टाउन का सामाजिक सरोकारों की दिशा में ऐतिहासिक कदम

Darbhanga-engineering-college
दरभंगा (रजनीश के झा)। समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लायंस क्लब दरभंगा टाउन एवं दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज के बीच आज एक प्रेरणादायक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना एवं मानवता के मूल्यों से जोड़ना था। बैठक में लायंस क्लब दरभंगा टाउन की ओर से अध्यक्ष लायन अभिषेक चौधरी, सचिव लायन विशाल पंसारी एवं प्रथम उपाध्यक्ष लायन अमरनाथ सिंह उपस्थित रहे। वहीं दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) चंदन कुमार सिंह, एनएसएस समन्वयक प्रो. इंजीनियर जावेद अख़्तर, कॉलेज की कोर टीम तथा अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान हंगर प्रोजेक्ट, हेल्थ प्रोजेक्ट, विज़न प्रोजेक्ट, डायबिटीज जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, युवा नेतृत्व विकास तथा अन्य मानवीय गतिविधियों पर संयुक्त रूप से कार्य करने की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही 23 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले महा रक्तदान शिविर की तैयारियों, स्थान चयन एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। इस वर्ष शिविर को पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) चंदन कुमार सिंह ने कहा "एक उत्कृष्ट इंजीनियर बनने के लिए केवल तकनीकी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवता की भावना भी उतनी ही आवश्यक है। हमें प्रसन्नता है कि लायंस क्लब दरभंगा टाउन के सहयोग से हमारे विद्यार्थियों को समाज सेवा से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। इससे वे केवल सफल प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक भी बनेंगे। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य समाज को बेहतर बनाना है और यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"


लायन अमरनाथ सिंह ने कहा "आज का विद्यार्थी ही कल का वैज्ञानिक, इंजीनियर, प्रशासक और राष्ट्र निर्माता है। यदि उसके भीतर सेवा, करुणा और मानवता के संस्कार विकसित होंगे, तो उसके द्वारा किए गए प्रत्येक नवाचार का लाभ समाज को मिलेगा। हमारा उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा का संस्कार विकसित करना है। दरभंगा इंजीनियरिंग कॉलेज एवं लायंस क्लब दरभंगा टाउन का यह सहयोग आने वाले समय में समाज के लिए अनेक प्रेरणादायक परियोजनाओं की आधारशिला बनेगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि यह साझेदारी दरभंगा में सकारात्मक परिवर्तन का एक नया अध्याय लिखेगी।" बैठक के अंत में दोनों संस्थानों ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के साथ अनेक सामाजिक, शैक्षणिक एवं मानवीय परियोजनाओं का संयुक्त रूप से संचालन किया जाएगा। इससे तकनीकी शिक्षा के साथ सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई मजबूती मिलेगी तथा दरभंगा समाज सेवा एवं युवा नेतृत्व के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगा।

कोई टिप्पणी नहीं: