ट्रंप के ‘अप्रत्याशित व्यवहार’ के कारण भारत ने एहतियातन मीडिया से बात न करने का फैसला किया - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 25 अगस्त 2026

ट्रंप के ‘अप्रत्याशित व्यवहार’ के कारण भारत ने एहतियातन मीडिया से बात न करने का फैसला किया

Modi-will-not-attend-press-meet
भारत ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कई विदेशी नेताओं के प्रति “अप्रत्याशित व्यवहार” को देखते हुए एहतियाती रुख अपनाया और जून में फ्रांस में अमेरिकी नेता (ट्रंप) के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बातचीत के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन नहीं करने का फैसला लिया। सरकारी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह स्पष्टीकरण भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के इस बयान के मद्देनजर आया है कि फ्रांस में ट्रंप और मोदी की बैठक से पहले नयी दिल्ली ने अमेरिकी पक्ष से कहा था कि वह दोनों नेताओं का संयुक्त संवाददाता सम्मेलन नहीं चाहता। सूत्रों ने कहा कि नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों पर चर्चा करना एक सामान्य व्यवस्था और नियमित राजनयिक प्रक्रिया का हिस्सा है। मोदी और ट्रंप ने 17 जून को फ्रांस के एवियॉन शहर में जी7 (सात देशों के समूह) शिखर सम्मेलन से इतर बातचीत की थी। इस बैठक को द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने की दिशा में अहम कदम माना गया था, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष में मध्यस्थता के ट्रंप के दावे और भारतीय वस्तुओं पर वाशिंगटन की ओर से लगाए गए भारी शुल्क की वजह से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था। नया विवाद ऐसे समय में पैदा हुआ है, जब दोनों पक्षों के बीच समग्र रिश्तों में गिरावट महसूस की जा रही है और बहुचर्चित द्विपक्षीय व्यापार समझौता भी अधर में लटका हुआ है। सरकारी सूत्रों ने कहा कि विदेशी प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपने नेताओं की मुलाकात के दौरान उनके “अप्रत्याशित व्यवहार” को लेकर सतर्क रहते हैं, जैसा कि दक्षिण अफ्रीका और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों के साथ ट्रंप की बातचीत के दौरान देखा जा चुका है। उन्होंने कहा, “इसीलिए भारत ने भी एहतियाती रुख अपनाया।”


एक सूत्र ने कहा, “किसी भी वीवीआईपी के दौरे से पहले नेताओं के सार्वजनिक कार्यक्रमों की व्यवस्था को लेकर बातचीत होना एक सामान्य प्रक्रिया है। इस संबंध में भारतीय पक्ष ने अमेरिका को ऐसी यात्राओं को लेकर अपनी मानक प्रक्रिया के बारे में बताया।”  गोर ने पिछले हफ्ते आयोजित ‘इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फोरम’ में ट्रंप और मोदी के बीच “गहरी और व्यक्तिगत दोस्ती” का जिक्र करते हुए कहा था कि दोनों नेताओं के बीच के समीकरणों से उनका काम आसान हो जाता है। उन्होंने फ्रांस में दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, “हम मंच के पीछे थे। एक समय ऐसा भी आया, जब वहां सिर्फ मैं और राष्ट्रपति (ट्रंप) थे। उन्होंने (ट्रंप) मुझसे पूछा-भारतीय पक्ष कौन-से मुद्दे उठाएगा? हमने कुछ विषयों पर चर्चा की और उन्होंने पूछा-क्या उनकी (भारत) कोई मांग है?” गोर के मुताबिक, उन्होंने ट्रंप से कहा कि (भारतीय) विदेश मंत्रालय की बस एक ही “मांग” है कि वह “मीडिया से बातचीत नहीं चाहता।” उन्होंने बताया कि इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा : “ठीक है, कोई बात नहीं।” अमेरिकी राजदूत ने बताया कि जब बैठक शुरू हुई, तो मीडियाकर्मी लगभग 50 कैमरों के साथ अंदर आए और मोदी तथा ट्रंप ने कुछ मिनटों तक बातचीत की। उन्होंने कहा, “जैसे ही उनकी बातचीत खत्म हुई, राष्ट्रपति ने कैमरे की तरफ देखा और पूछा-कोई सवाल? और इससे सब कुछ सामने आ गया।” गोर ने कहा कि ट्रंप भारतीय पक्ष के अनुरोध को भूल गए और मोदी के साथ बैठक के बाद करीब 45 मिनट तक चले संवादददाता सम्मेलन के दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए।

कोई टिप्पणी नहीं: