मधुबनी : संकट की घड़ी में महिलाओं का साथी बनेगा सखी वन स्टॉप सेंटर : डीएम - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 30 अगस्त 2026

मधुबनी : संकट की घड़ी में महिलाओं का साथी बनेगा सखी वन स्टॉप सेंटर : डीएम

  • नवनिर्मित सखी वन स्टॉप सेंटर भवन का हुआ शुभारंभ, संकट में महिलाओं को मिलेगा एक ही छत के नीचे हर जरूरी सहयोग


One-stop-center-madhubani
मधुबनी, 30 अगस्त (रजनीश के झा) । महिलाओं की सुरक्षा, सहायता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, मधुबनी के नवनिर्मित भवन का शुभारंभ आज जिला पदाधिकारी, मधुबनी द्वारा फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया गया। उक्त अवसर पर आयोजित उन्मुखीकरण सभा का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा महिला एवं बाल विकास निगम के अंतर्गत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि सखी वन स्टॉप सेंटर का मुख्य उद्देश्य हिंसा एवं विभिन्न प्रकार के संकट से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे आवश्यक सहायता एवं सेवाएं उपलब्ध कराना है।


जिला पदाधिकारी ने जिले की सभी महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की समस्या अथवा संकट की स्थिति में बिना किसी संकोच के सखी वन स्टॉप सेंटर से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, मानव तस्करी अथवा अन्य किसी प्रकार की हिंसा से प्रभावित महिलाओं से उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित एवं संकटग्रस्त महिलाओं को चिकित्सीय सहायता, कानूनी सहायता, पुलिस सहायता, एफआईआर/डीआईआर दर्ज कराने में सहयोग, मनो-सामाजिक परामर्श तथा आवश्यकतानुसार अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। नवनिर्मित भवन के शुभारंभ से जिले की महिलाओं को सहायता एवं आवश्यक सेवाएं प्राप्त करने में और अधिक सुविधा होगी। साथ ही, महिलाओं के बीच उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा उनके लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


सखी वन स्टॉप सेंटर महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं महिला एवं बाल विकास निगम की टीम ने केंद्र के माध्यम से जिले की अधिकाधिक महिलाओं तक सहायता एवं जागरूकता पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण, सहायक आरक्षी अधीक्षक, जिला  जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस)- सह - नोडल पदाधिकारी, महिला विकास निगम, जिला मिशन समन्वयक, DHEW, मधुबनी, जिला समन्वयक, सक्षम आंगनवाड़ी एवं मिशन पोषण 2.0, लैंगिक विशेषज्ञ, DHEW, केंद्र प्रशासक, वन स्टॉप सेंटर, केंद्र प्रशासक, वन स्टॉप सेंटर, झंझारपुर, लेखा सहायक, महिला विकास निगम, परामर्शी, वन स्टॉप केंद्र, झंझारपुर एवं महिला एवं बाल विकास निगम की पूरी टीम उपस्थित रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभा संपन्न की गई। कार्यक्रम का संचालन अंजनी कुमार झा, जिला कार्यक्रम समन्वयक, DHEW, मधुबनी के द्वारा किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं: