वाराणसी : सारनाथ में गूंजा हर-हर महादेव, बाबा सारंगनाथ का भव्य रुद्राभिषेक - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

सोमवार, 24 अगस्त 2026

वाराणसी : सारनाथ में गूंजा हर-हर महादेव, बाबा सारंगनाथ का भव्य रुद्राभिषेक

  • स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने सपरिवार किया दर्शन-पूजन
  • रुद्राभिषेक के बाद जनकल्याण और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, भक्ति संगीत और भंडारे ने बांधा आध्यात्मिक समां

Sarangnath-mahadev-sarnath
वाराणसी (सुरेश गांधी)। सारनाथ स्थित प्राचीन बाबा सारंगनाथ महादेव मंदिर रविवार को आस्था, भक्ति और लोकमंगल की कामना से सराबोर रहा। शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में हर वर्ष की परंपरा के तहत बाबा सारंगनाथ महादेव का भव्य रुद्राभिषेक आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा का दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की। कार्यक्रम में स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने सपरिवार पहुंचकर बाबा सारंगनाथ का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच रुद्राभिषेक और पूजन का क्रम चलता रहा। भक्ति संगीत से पूरा परिसर शिवमय हो उठा और श्रद्धालु देर तक भजनों में झूमते रहे।


रुद्राभिषेक में उमड़ी आस्था

सुबह से ही बाबा सारंगनाथ के दरबार में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। विधि-विधान से रुद्राभिषेक के बाद भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-शांति, क्षेत्र की समृद्धि और समाज के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों के बीच धार्मिक उत्साह देखते ही बन रहा था।


‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश

धार्मिक अनुष्ठान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। बाबा सारंगनाथ के दरबार में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। इस पहल के जरिए धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण को जोड़ने का संदेश दिया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने पर भी जोर दिया।


भक्ति के साथ भंडारे का स्वाद

रुद्राभिषेक और दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। बाटी-चोखा, चूरमा, दाल-चावल और खीर समेत विभिन्न प्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किए गए। भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन का आनंद लिया। बाबा सारंगनाथ के दरबार में धार्मिक अनुष्ठान, जनभागीदारी, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का यह संगम पूरे आयोजन को खास बनाता रहा। दिनभर मंदिर परिसर में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे और सारनाथ की धरती शिवभक्ति से ओतप्रोत नजर आई।

कोई टिप्पणी नहीं: