समस्तीपुर : मुसहरी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन, आमरण अनशन की चेतावनी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

गुरुवार, 3 सितंबर 2026

समस्तीपुर : मुसहरी पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन, आमरण अनशन की चेतावनी

Cpi-ml-samastipur-protest
समस्तीपुर, 3 सितंबर (संवाददाता) । ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर वार्ड संख्या 3 स्थित मुसहरी में पुस्तैनी रूप से बसे परिवारों को रैयती पर्चा देने, भूमिहीनों को वासभूमि एवं आवास उपलब्ध कराने, सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को पर्चा देने तथा दलित-गरीब गांव-टोले में पहुंचपथ की व्यवस्था करने की मांग को लेकर गुरुवार को भारी वर्षा के बाबजूद भाकपा माले एवं खेग्रामस के बैनर तले समस्तीपुर शहर में जुलूस निकालकर अनुमंडल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकारी बस स्टैंड से जुलूस निकाला, जो स्टेडियम गोलंबर, समाहरणालय समेत विभिन्न मार्गों से होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा। वहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार के समक्ष नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।


प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फतेहपुर मुसहरी में भूमाफियाओं के इशारे पर बुलडोजर चलाकर गरीबों के आशियाने उजाड़े गए, डूबाऊ गड्ढा खोद दिया गया तथा बहा (जल निकास मार्ग) बंद कर दिया गया। उन्होंने इस मामले में ताजपुर अंचलाधिकारी आरती कुमारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके बाद आयोजित सभा की अध्यक्षता खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने की, जबकि संचालन भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया। सभा को खेग्रामस जिला सचिव जीबछ पासवान, जिला अध्यक्ष उपेन्द्र राय, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, रंजीता देवी, सुमित्रा देवी, सहदेव सदा, अनिल कुमार सिंह, रामविनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, शाहिद हुसैन समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। सभा के उपरांत प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात दंडाधिकारी के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी को पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 23 सितंबर से जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई।

कोई टिप्पणी नहीं: