मधुबनी : तिलहन खेती को बढ़ावा देने पर जोर, किसानों को दी गई कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

मंगलवार, 22 सितंबर 2026

मधुबनी : तिलहन खेती को बढ़ावा देने पर जोर, किसानों को दी गई कीट एवं रोग प्रबंधन की जानकारी

  • दो दिवसीय तिलहन खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन, किसानों को मिला प्रमाण-पत्र

Farmer-awareness-madhubani
मधुबनी, 22 सितम्बर (रजनीश के झा) । संयुक्त कृषि भवन सभागार, माहीनाथपुर, मधुबनी में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन किसानों को तिलहन फसलों की उन्नत खेती, कीट एवं रोग प्रबंधन, मूल्य संवर्धन एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में तिलहन फसलों के क्षेत्र एवं उत्पादन को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, मधुबनी श्री सुदामा ठाकुर ने जिले में तिलहन फसलों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मधुबनी जिले में तिलहन फसलों की खेती वर्तमान में बहुत ही कम क्षेत्र में की जाती है, जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों को तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करते हुए विभाग की ओर से किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।


कृषि विज्ञान केन्द्र, बसैठा के वैज्ञानिक द्वारा तिलहन फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं उनके प्रबंधन के संबंध में किसानों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने किसानों को कीटों की पहचान, फसल पर उनके प्रभाव तथा समय पर अपनाए जाने वाले प्रबंधन उपायों की जानकारी दी। उप परियोजना निदेशक, आत्मा, मधुबनी द्वारा सरसों एवं तोरी की फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान एवं उनके प्रबंधन के बारे में किसानों को विस्तार से बताया गया। किसानों को रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान कर समय पर उचित प्रबंधन उपाय अपनाने की सलाह दी गई। प्रखंड तकनीकी प्रबंधक श्री शिव कुमार सिंह द्वारा तिलहन फसलों के मूल्य संवर्धन एवं विपणन के संबंध में किसानों को जानकारी दी गई। उन्होंने किसानों को उत्पादन के साथ-साथ बेहतर मूल्य प्राप्त करने के लिए मूल्य संवर्धन एवं उचित विपणन के महत्व से अवगत कराया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंत में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा श्री सुदामा ठाकुर द्वारा प्रशिक्षण में शामिल किसानों को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया गया। इसके साथ ही दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा श्री सुदामा ठाकुर, वरीय वैज्ञानिक, सहायक निदेशक (शस्य), प्रखंड तकनीकी प्रबंधक श्री शिव कुमार सिंह सहित कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के पदाधिकारी/वैज्ञानिक तथा सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं: