- जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ दुर्व्यवहार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम का सरकार पर तीखा हमला

पटना, 21 सितंबर (रजनीश के झा) । बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने जमुई थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ रास्ते में हुए दुर्व्यवहार की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। राजेश राम ने कहा कि बिहार की बेटियों के साथ सड़क पर इस तरह की घटनाएं होना बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। राज्य सरकार लगातार कानून का राज होने का दावा करती है, लेकिन जमीन पर अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। सवाल यह है कि यदि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय है, तो उन्हें ऐसी घटना को अंजाम देने का साहस कैसे मिल रहा है? उन्होंने कहा कि बिहार में बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। बच्चियां स्कूल और घर के बीच भी सुरक्षित नहीं हैं तो सरकार के कानून-व्यवस्था के दावों का क्या मतलब रह जाता है? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को बयानबाजी नहीं, कार्रवाई करनी चाहिए। घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पीड़ित नाबालिग छात्रा की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियों को डर के माहौल में जीने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अगर सरकार इस जिम्मेदारी में विफल होती है तो उसे जनता के सवालों का जवाब देना होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें