सीहोर : रोमांचक मुकाबले में मंडला ने सिंगरौली को 2-0 से हराया, जबलपुर-शुजालपुर का मुकाबला ड्रा - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

बुधवार, 16 सितंबर 2026

सीहोर : रोमांचक मुकाबले में मंडला ने सिंगरौली को 2-0 से हराया, जबलपुर-शुजालपुर का मुकाबला ड्रा

  • राज्य स्तरीय सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में 18 सितंबर को होगा दूसरा सेमीफाइनल

Sehore-football
सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद परिसर एवं चर्च मैदान पर संयुक्त रूप से मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर अंडर-14 फुटबॉल प्रतियोगिता में बुधवार को दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में मंडला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगरौली को 2-0 से पराजित किया। वहीं दूसरा मुकाबला जबलपुर और शुजालपुर के बीच बेहद संघर्षपूर्ण रहा, जिसमें दोनों टीमें निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला 0-0 से ड्रा रहा। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं और युवा खिलाड़ी मैदान पर अपने शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रत्येक मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का रोमांच बढ़ता जा रहा है। अब प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल को लेकर भी खेलप्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है, जो 18 सितंबर को खेला जाएगा।


मंडला ने सिंगरौली को 2-0 से हराया

बुधवार को दिन का पहला मुकाबला मंडला और सिंगरौली के बीच खेला गया। शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक एवं तेज खेल का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के बीच गेंद पर कब्जे को लेकर लगातार संघर्ष देखने को मिला। मंडला की टीम ने बेहतर तालमेल और शानदार पासिंग के साथ सिंगरौली के गोलपोस्ट पर लगातार हमले किए। मंडला की ओर से सिद्धार्थ और विवेक ने एक-एक गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सिंगरौली के खिलाड़ियों ने वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन मंडला की रक्षापंक्ति ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए उन्हें गोल करने का अवसर नहीं दिया। अंतत: मंडला ने 2-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। दिन का दूसरा मुकाबला जबलपुर और शुजालपुर के मध्य खेला गया। दोनों टीमों ने पूरे मुकाबले में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों ओर के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। मैच के अंतिम समय तक दोनों टीमों के खिलाड़ी एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर हमला करते रहे। इसके बावजूद दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण कोई गोल नहीं हो सका। निर्धारित समय की समाप्ति पर मुकाबला 0-0 से ड्रा रहा। मैच देखने पहुंचे खेलप्रेमियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


खिलाड़ियों से हार के बाद निराश नहीं होने की अपील

मैच के शुभारंभ अवसर पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी एवं सनातन सेना के पवन केवट सहित अन्य अतिथियों का एसोसिएशन के सचिव मनोज कन्नोजिया ने स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि फुटबॉल का जुनून पूरे विश्व में देखने को मिलता है। यह खेल विश्व के अनेक देशों में लोकप्रिय है और बड़ी संख्या में खिलाड़ी इसे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैदान पर जीत और हार खेल का हिस्सा है। हारने वाले खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय अपनी कमियों से सीख लेकर आगे के मुकाबलों के लिए और बेहतर तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


गुरुवार को होंगे दो मुकाबले

एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला दोपहर 2 बजे खंडवा और बालाघाट के मध्य होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे छिंदवाड़ा और रायसेन की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता के मुकाबले लगातार रोमांचक होते जा रहे हैं और 18 सितंबर को प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों में भी खासा उत्साह है। आगामी मुकाबलों में टीमें फाइनल की दौड़ में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं: