- राज्य स्तरीय सब जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबला

सीहोर। शहर के आवासीय खेलकूद परिसर एवं चर्च मैदान पर स्वर्गीय कैलाश नारायण सारंग की स्मृति में मध्यप्रदेश फुटबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं कुल 16 टीमें प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। छह सितंबर से जारी प्रतियोगिता के तहत मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए, जिसमें छिंदवाड़ा ने बालाघाट को कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में रायसेन ने खंडवा को 10-0 से करारी शिकस्त दी। मंगलवार को दिन का पहला मुकाबला छिंदवाड़ा और बालाघाट के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार प्रयास किए। मैच के दौरान छिंदवाड़ा की टीम ने बेहतर तालमेल के साथ आक्रमण किया। कड़े संघर्ष के बाद छिंदवाड़ा की ओर से गगन ने एकमात्र गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद बालाघाट के खिलाड़ियों ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन छिंदवाड़ा की मजबूत रक्षापंक्ति ने उनके सभी प्रयासों को विफल कर दिया। अंतत: छिंदवाड़ा ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम किया। प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला रायसेन और खंडवा के बीच खेला गया। इस मुकाबले में रायसेन के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक तेवर दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने लगातार गोल करते हुए मुकाबले पर पूरी तरह अपना दबदबा बनाए रखा और 10-0 से शानदार जीत दर्ज की। रायसेन की ओर से जयन ने छह गोल दागकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं नव्या ने तीन गोल किए, जबकि अक्षत ने एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। रायसेन के खिलाड़ियों के बेहतरीन पासिंग, आक्रमण और तालमेल के सामने खंडवा की टीम संघर्ष करती नजर आई। मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में चल रही इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंगलवार को सीहोर टीम के कोच सुयश कन्नोजिया और दीपक बाथम सहित अन्य खेलप्रेमियों एवं पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की सब जूनियर टीमें हिस्सा ले रही हैं। युवा खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों में जीत के लिए जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
बुधवार को होंगे दो मुकाबले
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता के तहत बुधवार को भी दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला सिंगरौली और मंडला के मध्य होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे जबलपुर और शाजापुर की टीमें आमने-सामने होंगी। प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमें बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान पर उतर रही हैं। आने वाले मुकाबलों में भी रोमांचक फुटबाल देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के साथ खेलप्रेमियों में भी उत्साह बना हुआ है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें