सेवा संकल्प को जनसंकल्प बनाने की दिशा में बढ़े कदम
सेवा संकल्प अभियान के तहत जीवछ नदी को पुनर्जीवित एवं स्वच्छ रखने के लिए नदी तट पर हस्ताक्षर पटल लगाया गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और जीवछ नदी की स्वच्छता एवं संरक्षण में अपनी सहभागिता का संकल्प लिया।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम स्थल पर नदी घाट के किनारे बनाया गया आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। अभियान में शामिल लोगों, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों में सेल्फी लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने स्वच्छता एवं सेवा संकल्प के संदेश के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री तुषार कुमार ने कहा कि जीवछ नदी मधुबनी की प्राकृतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर है। इसके संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ व्यापक जनभागीदारी जरूरी है। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामूहिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से नदी एवं अन्य जलस्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक हम जीवछ नदी को गंदगीमुक्त बनाने की दिशा में अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि अभियान के बाद भी जनसहयोग से नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि नदी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता निरंतर बनी रहे। डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि जीवछ नदी की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे नदी को स्वच्छ रखने के इस अभियान से निरंतर जुड़ें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अभियान में उपस्थित पदाधिकारियों, स्वच्छता साथियों, सफाई कर्मियों एवं आम नागरिकों ने ग्लव्स, मास्क, स्वच्छता अभियान को प्रेरित करने वाली टी-शर्ट एवं टोपी पहनकर पूरे उत्साह के साथ श्रमदान किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक स्वच्छता, सेवा संकल्प एवं जनभागीदारी का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने जीवछ नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के प्रति मधुबनी की सामूहिक प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें