तिब्बत-नेपाल सीमा पर अचानक आयी बाढ़ से हुई तबाही की पहली तस्वीरें सामने आई - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

रविवार, 6 सितंबर 2026

तिब्बत-नेपाल सीमा पर अचानक आयी बाढ़ से हुई तबाही की पहली तस्वीरें सामने आई

Nepal-flood-disaster-first-pic
तिब्बत-नेपाल सीमा पर 26 अगस्त को अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ ने पलक झपकते ही भारी तबाही मचा दी थी। इस तबाही का सबसे भयावह मंजर एक वीडियो में रिकॉर्ड है, जिसमें मिट्टी, चट्टानों और मलबे का विशाल सैलाब देखते ही देखते एक मजबूत आव्रजन चौकी को अपनी चपेट में ले लेता है। दुनियाभर में वायरल इस वीडियो में प्रकृति के रौद्र रूप और इमारतों तथा इंसानी जिंदगियों पर उसके विनाशकारी असर की भयावह झलक देखने को मिली। अब तक इस तबाही का पूरा मंजर मुख्य रूप से नेपाल की तरफ से ही सामने आया था। नेपाल में इस आपदा से मरने वालों की संख्या 1,300 को पार कर चुकी है, जबकि करीब 5,000 लोग अब भी लापता हैं। यह आपदा 26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास बर्फ और चट्टानों के हिमस्खलन के कारण आई थी। इसके बाद भोटेकोशी नदी के रास्ते पानी और मलबे का भारी सैलाब नीचे की ओर बहा और उत्तरी तथा मध्य नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मचा दी।

 

रविवार को चीन ने पहली बार तिब्बत के तबाह हुए जिरोंग काउंटी को कुछ चुनिंदा विदेशी मीडिया संस्थानों के लिए खोला। इसी इलाके में वह सीमा आव्रजन चौकी स्थित थी, जो बाढ़ में पूरी तरह नष्ट हो गई। विदेशी मीडिया को यहां बाढ़ से हुई तबाही और बड़े पैमाने पर जारी राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों को देखने का मौका दिया गया। चीन शेष हिस्सों से कटे हुए सीमा चौकी क्षेत्र तक पहुंच बहाल करने के लिए सड़कों के पुनर्निर्माण का काम कर रहा है। उसने नेपाल को राहत सामग्री भी भेजी है। चीनी अधिकारियों के आंकड़ों के अनुसार, तिब्बत में 31 लोगों की मौत हुई है, जबकि 531 लोग अब भी लापता हैं। इनमें 261 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जिनमें 49 भारतीय और 22 अन्य देशों के नागरिक हैं। मृतकों और लापता विदेशी नागरिकों में से अधिकांश दुर्भाग्य से उस समय सीमा आव्रजन इमारत के दोनों तरफ मौजूद थे, जब बाढ़ का सैलाब इस इमारत को बहा ले गया। चीन ने कहा कि नेपाल के साथ मिलकर आधिकारिक तौर पर यह निष्कर्ष निकाला गया है कि 26 अगस्त की आपदा नेपाल में एक ऊंचाई वाले ग्लेशियर के ढहने के कारण हुई। 


चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने 28 अगस्त को बीजिंग में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने पाया है कि चीन और नेपाल के विशेषज्ञों तथा आधिकारिक संस्थानों ने इस आपदा के कारण का प्रारंभिक आकलन किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके विश्लेषण के अनुसार, यह आपदा नेपाल में एक ऊंचाई वाले ग्लेशियर के ढहने के कारण आई।’’ बिना किसी पूर्व चेतावनी के ग्लेशियर का ढहना इस आपदा को एक नया आयाम देता है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले समय में इस तरह की घटनाएं और भी हो सकती हैं। चीन के एक जलवायु अधिकारी ने चेतावनी दी है कि तिब्बती पठार के ग्लेशियरों के और अधिक अस्थिर होने की आशंका है। इससे 26 अगस्त की अचानक बाढ़ आने जैसी घटनाएं तथा उनसे जुड़ी आपदाएं हो सकती हैं। चीन सरकार की आधिकारिक संस्था राष्ट्रीय जलवायु केंद्र के उप निदेशक गाओ रोंग ने कहा, ‘‘पिछले 60 वर्षों में तिब्बती पठार पर ग्लेशियरों का क्षेत्रफल करीब 24 प्रतिशत घट गया है और करीब 7,000 छोटे ग्लेशियर पूरी तरह गायब हो गए हैं।’’ गाओ ने कहा, ‘‘आने वाले समय में पूरे तिब्बती पठार में ग्लेशियरों की संरचनात्मक स्थिरता और कम होगी। ग्लेशियर से जुड़ी आपदाएं अधिक बार होने की आशंका है और श्रृंखलाबद्ध प्रभावों के कारण उनकी विनाशकारी क्षमता और पहुंच बढ़ सकती है।’’ 


चीनी विज्ञान अकादमी के एक अन्य आधिकारिक संस्थान, तिब्बती पठार अनुसंधान संस्थान ने 26 अगस्त की आपदा पर अपनी रिपोर्ट में कहा कि ग्लेशियर के ढहने से बना मलबे का सैलाब घाटी में 22 किलोमीटर तक बहा और केवल सात मिनट में तिब्बत सीमा पर स्थित जिरोंग पोर्ट तक पहुंच गया। जिरोंग काउंटी से मिले उपग्रह और मैदानी आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद शोधकर्ताओं ने पाया कि बर्फ और चट्टानों के ढहने के बाद मलबा 22 किलोमीटर लंबी घाटी से तेज गति से नीचे आया। इस दौरान उसने नदी के तल को रगड़ते हुए अपने साथ किनारों का मलबा भी बहा लिया। इससे ऊंचाई वाले इलाके में हुआ ग्लेशियर का ढहना एक विनाशकारी मलबे के सैलाब में बदल गया। चीनी शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया कि आपदा के जोखिम का आकलन करते समय ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फ, ग्लेशियर और बर्फ से जमी भूमि से जुड़े इस तरह के श्रृंखलाबद्ध खतरों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। चीन और उसके पड़ोसी देशों के लिए तिब्बत से आने वाली ऐसी आपदाएं लगातार चिंता का कारण बन सकती हैं। तिब्बत में चीन बड़े पैमाने पर जलविद्युत परियोजनाएं बना रहा है, जिनसे किसी बड़ी आपदा की स्थिति में बेहद व्यापक स्तर पर तबाही हो सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं: