- सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में रंग-रोगन, लघु मरम्मति एवं मरीज सुविधाओं में होगा सुधार, 31 अक्टूबर 2026 तक कार्य पूरा कराने का लक्ष्य
31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करना होगा कार्य
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी जिलाधिकारियों एवं सिविल सर्जनों को निर्देश दिया गया है कि अभियान के तहत निर्धारित सभी कार्यों को 31 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। कार्यों की नियमित निगरानी एवं प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। इन कार्यों के लिए राशि का मुख्य स्रोत Digital Health Incentive Scheme (DHIS) एवं अन्य मदों को बनाया गया है। जन आरोग्य समितियों की सहभागिता से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों की प्राथमिकता तय की जाएगी।
रंग-रोगन एवं लघु मरम्मति के अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर Vibrant Bharat – Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission (Gramin) (VB-GRAMG) के अंतर्गत विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। इसके तहत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चहारदीवारी का निर्माण, शौचालय निर्माण, परिसर में मिट्टी भराई, परिसर का सौंदर्याकरण एवं वृक्षारोपण जैसे कार्य कराए जाएंगे।
हर व्यक्ति को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य : निशांत
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के माध्यम से राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। भवनों की मरम्मत, रंग-रोगन और मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि इन केंद्रों पर आने वाले हर व्यक्ति को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिले। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जन आरोग्य समितियों की सहभागिता से स्थानीय जरूरतों के अनुसार कार्यों की प्राथमिकता तय की जाएगी। सभी जिलों को निर्धारित कार्यों को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों को मजबूत बनाने से लोगों को उनके घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सरकार के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
स्वास्थ्य सचिव श्री कुमार रवि ने निर्देश देते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत चिन्हित सभी कार्यों को 31 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। उन्होंने कार्यों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और उपलब्ध राशि के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें