दिल्ली : उप्र कांग्रेस में बड़ा बदलाव, आराधना मिश्रा प्रदेश अध्यक्ष, मसूद कार्यकारी अध्यक्ष बने - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

दिल्ली : उप्र कांग्रेस में बड़ा बदलाव, आराधना मिश्रा प्रदेश अध्यक्ष, मसूद कार्यकारी अध्यक्ष बने

Aradhana-mishra-up-congress-president
नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुक्रवार को अपने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, सहारनपुर से लोकसभा सदस्य इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। कांग्रेस ने संगठन में इस बदलाव के माध्यम से अपने पुराने सामाजिक समीकरण को फिर से खड़ा करने का प्रयास किया है। पार्टी ने ब्राह्मण समुदाय की आराधना मिश्रा को अध्यक्ष और मुस्लिम समुदाय के मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राजेन्द्र पाल गौतम पहले ही प्रदेश प्रभारी की भूमिका निभा रहे हैं। कुछ दशक पहले तक उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम समुदाय को कांग्रेस का कोर वोटबैंक माना जाता था, हालांकि मंडल की राजनीति और भारतीय जनता पार्टी के उभार के बाद कांग्रेस का यह समीकरण बिखर गया। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश इकाई के संगठन में अन्य बदलाव करते हुए देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा वीरेंद्र चौधरी को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है। पार्टी ने अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय राय के योगदान की भी सराहना की है।


आराधना मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। रामपुर खास कांग्रेस का लंबे समय से मजबूत आधार रहा है और आराधना मिश्रा इस सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं। विधानसभा की राजनीति में लंबे अनुभव के साथ आराधना मिश्रा कांग्रेस विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। अब प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने फिलहाल मुख्य चुनौती पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों से जोड़ने और समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे में सम्मानजनक समझौता करने की होगी। कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। वह 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर से कांग्रेस के टिकट पर सांसद निर्वाचित हुए। इससे पहले वह विधायक और सहारनपुर नगर पालिका के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मसूद का राजनीतिक आधार मुख्य रूप से सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहा है। वह कांग्रेस में राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं।कांग्रेस ने वीरेंद्र चौधरी को प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है। वह महराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा सीट से विधायक हैं। विधायक दल के नेता के तौर पर उनकी जिम्मेदारी विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का नेतृत्व करने और सदन में पार्टी का पक्ष रखने की होगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में संभावित है।

कोई टिप्पणी नहीं: