सीहोर : नरेन्द्र नगर में बिजली संकट से परेशान क्षेत्रवासी, विद्युत कंपनी का करेंगे घेराव - Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)

Breaking

प्रबिसि नगर कीजै सब काजा । हृदय राखि कौशलपुर राजा।। -- मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सुदसरथ अजिर बिहारी ।। -- सब नर करहिं परस्पर प्रीति । चलहिं स्वधर्म निरत श्रुतिनीति ।। -- तेहि अवसर सुनि शिव धनु भंगा । आयउ भृगुकुल कमल पतंगा।। -- राजिव नयन धरैधनु सायक । भगत विपत्ति भंजनु सुखदायक।। -- अनुचित बहुत कहेउं अग्याता । छमहु क्षमा मंदिर दोउ भ्राता।। -- हरि अनन्त हरि कथा अनन्ता। कहहि सुनहि बहुविधि सब संता। -- साधक नाम जपहिं लय लाएं। होहिं सिद्ध अनिमादिक पाएं।। -- अतिथि पूज्य प्रियतम पुरारि के । कामद धन दारिद्र दवारिके।।

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

सीहोर : नरेन्द्र नगर में बिजली संकट से परेशान क्षेत्रवासी, विद्युत कंपनी का करेंगे घेराव

  • एक दिन में 5 से 10 घंटे तक बिजली गुल, लो-वोल्टेज और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से विद्युत उपकरण हो रहे खराब; 15 साल पुरानी डीपी पर बढ़ा सैकड़ों घरों का भार

Electricity-protest-sehore
सीहोर। शहर के रेलवे स्टेशन के समीप प्रसिद्ध स्वामी नारायण मंदिर क्षेत्र स्थित नरेन्द्र नगर कॉलोनी के रहवासी पिछले कई वर्षों से बिजली संकट की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। आलम यह है कि कॉलोनी में प्रतिदिन कई घंटे बिजली गुल रहने के साथ ही लो-वोल्टेज और अचानक वोल्टेज कम-ज्यादा होने की समस्या बनी रहती है। इससे घरों में लगे टीवी, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस संबंध में शहर के जनप्रतिनिधियों से लेकर विद्युत कंपनी के अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है। समाधान शिविर के दौरान भी विद्युत कंपनी के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया था। रहवासियों का कहना है कि करीब 15 से 20 वर्ष पहले कॉलोनी में एक डीपी स्थापित की गई थी। उस समय क्षेत्र में महज 10 के आसपास घर थे, लेकिन वर्तमान में नरेन्द्र नगर सहित आसपास की कॉलोनियों में 150 से अधिक घर हो गए हैं। बढ़ती आबादी के साथ बिजली का भार भी लगातार बढ़ा है, लेकिन विद्युत व्यवस्था में आवश्यक विस्तार नहीं किया गया है।


पुरानी डीपी पर बढ़ता जा रहा लोड

नरेन्द्र नगर के रहवासियों का कहना है कि वर्षों पहले जिस डीपी की क्षमता के अनुसार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था की गई थी, उसी व्यवस्था से वर्तमान में बड़ी संख्या में घरों को बिजली सप्लाई की जा रही है। घरों की संख्या कई गुना बढ़ने के बावजूद विद्युत व्यवस्था को उसी अनुपात में मजबूत नहीं किया गया है। इसके कारण आए दिन बिजली गुल होने और वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों के मुताबिक कई बार दिन में अलग-अलग समय पर बिजली बंद हो जाती है और कुल मिलाकर करीब 5 से 10 घंटे तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहती है। इसके अलावा बिजली आने के बाद भी वोल्टेज स्थिर नहीं रहता। कभी वोल्टेज काफी कम हो जाता है तो कभी अचानक बढ़ जाता है। इससे विद्युत उपकरणों को नुकसान होने का खतरा बना रहता है।


15 साल से समस्या झेल रहे रहवासी

नरेन्द्र नगर निवासी श्याम सिंह चंद्रवंशी, लीलावती चंद्रवंशी, रविन्द्र गांधी, रेखा गुर्जर और कांता वर्मा सहित अन्य रहवासियों ने बताया कि वे करीब 15 वर्षों से बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में डीपी लगाए जाने के समय यहां बहुत कम संख्या में मकान थे, लेकिन अब नरेन्द्र नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार निवास कर रहे हैं। रहवासियों का कहना है कि विद्युत भार बढ़ने के बावजूद पर्याप्त क्षमता की व्यवस्था नहीं की गई है। इस समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से भी शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।


बिजली के उतार-चढ़ाव से उपकरण खराब होने की शिकायत

क्षेत्रवासियों ने बताया कि बिजली की समस्या केवल कटौती तक सीमित नहीं है। कई बार बिजली आने के बाद वोल्टेज अचानक कम-ज्यादा होने लगता है। इससे घरों में उपयोग होने वाले टीवी, फ्रिज और अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने की स्थिति बन जाती है। रहवासियों का कहना है कि बार-बार होने वाले वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था का तकनीकी निरीक्षण कर वर्तमान आबादी और विद्युत भार के अनुसार नई या अतिरिक्त डीपी की व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकतानुसार विद्युत लाइनों और पोलों को भी व्यवस्थित किया जाए।


झूलते तारों से हादसे का खतरा

नरेन्द्र नगर और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत पोलों पर फैले तारों के जाल को लेकर भी रहवासियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर तार व्यवस्थित नहीं हैं और झूलते तार हादसे को न्योता दे रहे हैं। ऐसे में बारिश, तेज हवा या अन्य परिस्थितियों में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत कंपनी से मांग की है कि बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, बढ़ते विद्युत भार और झूलते तारों की समस्या का एक साथ निराकरण किया जाए। उनका कहना है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी एकजुट होकर विद्युत कंपनी के कार्यालय का घेराव करेंगे और अपनी मांग को लेकर आंदोलन करेंगे।


स्थायी समाधान की मांग

रहवासियों का कहना है कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर उन्हें वर्षों से परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और छोटे व्यवसाय भी बार-बार बिजली बंद होने से प्रभावित होते हैं। ऐसे में केवल अस्थायी सुधार के बजाय क्षेत्र की वर्तमान आवश्यकता के अनुसार विद्युत व्यवस्था को अपग्रेड किया जाना जरूरी है। क्षेत्रवासियों ने विद्युत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर अधिक क्षमता वाली डीपी, पर्याप्त विद्युत लाइन और व्यवस्थित पोल-तारों की व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि नरेन्द्र नगर सहित आसपास के रहवासियों को लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं: