- जिला गंगा समिति, नमामि गंगे एवं वाटसन मध्य विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए गंगा मित्र एवं विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका कुमारी पुष्पम ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है। पेंटिंग प्रतियोगिता में साक्षी कुमारी ने प्रथम, मानसी कुमारी ने द्वितीय तथा सबा प्रवीण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में निवेदिता कुमारी प्रथम, आयुष कुमार द्वितीय तथा सबा प्रवीण तृतीय स्थान पर रहीं। सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शिक्षक मनीष कर्ण, भारती कुमारी एवं बबीता कुमारी ने निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिव्यांशु कुमार, शिवम कुमार, खुशबू कुमारी एवं किशन कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें