- बढ़ियाखेड़ी इंडस्ट्रियल एरिया भी सीमा विस्तार में शामिल, शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा

सीहोर। शहर के सुनियोजित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद सीहोर में आज सीमा वृद्धि को लेकर विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में नगर पालिका की सीमा के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें परिषद ने सर्वसम्मति से सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को पारित किया। प्रस्ताव के तहत 21 गांवों एवं बढ़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र को नगर पालिका की सीमा में शामिल करने का निर्णय लिया गया। सीमा वृद्धि के इस प्रस्ताव को सीहोर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे शहर के विस्तार, आधारभूत सुविधाओं के विकास, नागरिक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की विकास योजनाओं को व्यापक स्वरूप देने की संभावनाएं बढ़ेंगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर पालिका की सीमा वृद्धि का उद्देश्य सीहोर के विकास को नई दिशा देना और आने वाले समय की जरूरतों के अनुरूप शहर की विकास योजनाओं को तैयार करना है। उन्होंने कहा कि शहर का विस्तार केवल भौगोलिक सीमा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ नागरिक सुविधाओं, सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है। आगे बोलते हुए अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि परिषद द्वारा सर्वसम्मति से लिया गया यह निर्णय सीहोर के भविष्य के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। नए क्षेत्रों को नगर पालिका की सीमा में शामिल करने से शहरी विकास की योजनाओं को व्यापक स्तर पर तैयार करने का अवसर मिलेगा। हमारा प्रयास है कि सीहोर का विकास व्यवस्थित रूप से हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर काम किया जाए।
इन गांवों और औद्योगिक क्षेत्र को किया गया प्रस्ताव में शामिल
नगर पालिका सीमा वृद्धि के प्रस्ताव में थुना खुर्द, जमुनिया तालाब, अब्दुल्लापुर, मुरली, गोपालपुरा, अवंतीपुरा, बिजोरा, तखीपुर, शेरपुर, खुर्शीदपुर, आलड़ाखेड़ी, सारंगखेड़ी, चंदेरी, भगवानपुर, शाहपुरा, कोरिया, शिवपुरी, बिजलोंन, मगीसपुर, रफीगंज, बढ़ियाखेड़ी तथा बढ़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र को शामिल किया गया है। विशेष सम्मेलन में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर विजय कोहली, नगर पालिका के समस्त पार्षदगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीमा वृद्धि का प्रस्ताव परिषद में सर्वसम्मति से पारित हुआ है। आगे की प्रशासनिक एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीमा विस्तार प्रभावी होगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें