- विधायक सुदेश राय ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन, आज होगी ट्रायल प्रक्रिया, 5 अक्टूबर तक प्रशिक्षण शिविर और अभ्यास मैच
जिलेभर की प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि अंडर-15 चयन प्रक्रिया में जिले के भैरुंदा, बुधनी, आष्टा, इछावर, श्यामपुर, सीहोर, दोराहा, अहमदपुर, जावर, मेहतवाड़ा, बिलकिसगंज सहित सभी क्षेत्रों के 15 वर्ष तक की आयु वाले खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। शनिवार को होने वाले ट्रायल में खिलाड़ी अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। चयन प्रक्रिया में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं सीनियर खिलाड़ी वीरू वर्मा, जिला खेल अधिकारी अताउल्ला खान, आशीष शर्मा, चेतन मेवाड़ा, अतुल त्रिवेदी सहित अन्य अनुभवी सदस्य मौजूद रहेंगे।
तीन दिन प्रशिक्षण और अभ्यास मैचों में परखी जाएगी प्रतिभा
ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ियों के लिए 3 से 5 अक्टूबर तक प्रशिक्षण शिविर एवं अभ्यास मैच आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सीनियर कोच खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के साथ क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण देंगे। अभ्यास मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों की वास्तविक खेल क्षमता, प्रदर्शन, अनुशासन और टीम भावना को भी परखा जाएगा। प्रशिक्षण एवं अभ्यास मैचों के बाद एमपीसीए एवं बीडीसीए के पर्यवेक्षकों और चयनकर्ताओं द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर 16 सदस्यीय जिला अंडर-15 टीम का गठन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आगामी अंतरजिला स्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
पंजीयन के दौरान पदाधिकारी और सीनियर खिलाड़ी रहे मौजूद
पंजीयन प्रक्रिया के दौरान अक्षय दुबाने, कमलेश पारोचे, चेतन मेवाड़ा, आशीष मेवाड़ा, अभिषेक परसाई, मोहनिश त्रिवेदी, मदन कुशवाहा, अतुल कुशवाहा, गौरव पिचोनिया, आदर्श राय सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सीनियर खिलाड़ी मौजूद रहे। मैदान पर खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं और चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
6 अक्टूबर से शुरू होगी अंडर-22 चयन प्रक्रिया
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि अंडर-15 ट्रायल, प्रशिक्षण एवं अभ्यास मैचों के बाद जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा 6 अक्टूबर से अंडर-22 चयन प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए अध्यक्ष विधायक सुदेश राय, सचिव अतुल तिवारी, कोषाध्यक्ष वीरू वर्मा सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सीनियर खिलाड़ियों ने तैयारियों की रूपरेखा बनाई है। बीएसआई मैदान के समतलीकरण सहित आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी दिनों में अंडर-15 और अंडर-22 चयन प्रक्रिया के साथ जिले में क्रिकेट की अन्य गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें