- 76 दिन के ‘वार्ड प्रयास’ को मुख्यमंत्री ने बताया अभिनव प्रयोग, बोले- 403 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसी पहल हो तो बदलाव को कोई नहीं रोक सकता
- 600 से अधिक सफाई कर्मियों का सम्मान, सीएम ने खुद भोजन परोसकर कराया ग्रहण
नकारात्मकता दूर करने के लिए जरूरी हैं ऐसे प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने से नकारात्मकता पैदा होने की आशंका रहती है। समाज में जागरूकता और सकारात्मकता बढ़ाने वाले प्रयास इस स्थिति को बदल सकते हैं। डॉ. नीलकंठ तिवारी का वार्ड प्रयास अभियान इसी दिशा में एक अभिनव पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों में इसी तरह समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर काम करें तो व्यापक बदलाव संभव है।
मंच से सम्मान, फूल बरसाकर अभिनंदन
समारोह में नगर निगम और जलकल के 600 से अधिक सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने मंच पर 11 सफाई कर्मियों को अपने हाथों से सम्मानित किया। इस दौरान सफाई मित्रों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया और उन्हें किट भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर सफाई कर्मियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
सीएम ने खुद परोसा भोजन, हालचाल भी पूछा
समारोह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सफाई कर्मियों के बीच पहुंचकर अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा। उन्होंने महिला और पुरुष सफाई कर्मियों से पूछ-पूछकर भोजन दिया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार से सफाई कर्मी अभिभूत दिखे। उनके लिए यह अवसर केवल सम्मान पाने का नहीं, बल्कि प्रदेश के मुखिया से सीधे संवाद और अपनत्व का अनुभव करने का भी रहा।सम्मानित सफाई कर्मी वसीम ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने बताया कि पहले वेतन में कटौती और समय पर भुगतान नहीं होने जैसी समस्याएं सामने आती थीं, जबकि अब उन्हें समय पर पूरा वेतन मिल रहा है। मुख्यमंत्री से सम्मानित होने की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी।
ये रहे मौजूद
समारोह में स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम और डॉ. सुनील पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन नवीन अरोड़ा, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें